स्वतंत्र आवाज़
word map

नेपाली सेना प्रमुख की भारत यात्रा

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से हुए सम्मानित

भारत और नेपाल में मजबूत सैन्य सहयोग

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 12 January 2019 02:06:27 PM

president ramnath kovind honored nepal army chief

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में नेपाल के सेना प्रमुख जनरल पूर्ण चंद्र थापा को भारतीय सेना के जनरल की मानद उपाधि से सम्मानित किया। भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच यह वर्षों पुरानी परंपरा है। इस अवसर पर भारतीय सेनाध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ और रक्षा राज्यमंत्री डॉ सुभाष रामराव भामरे भी उपस्थित थे। गौरतलब है कि भारत और नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक, भाषायी एवं ऐतिहासिक स्थिति में बहुत अधिक समानताएं हैं। स्वतंत्र भारत और नेपाल ने अपने विशेष सम्बंधों को वर्ष 1950 के दौरान हुई भारत-नेपाल शांति एवं मैत्री संधि से नई ऊर्जा दी।
नेपाल के सेना प्रमुख जनरल पूर्ण चंद्र थापा आज से 15 जनवरी तक भारत की यात्रा पर हैं। नेपाली सेना के प्रमुख के रूपमें पदभार ग्रहण करने के पश्चात पूर्ण चंद्र थापा की यह पहली आधिकारिक यात्रा है। अपनी यात्रा के दौरान जनरल पूर्ण चंद्र थापा भारतीय सेना के उच्चाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे और जयपुर तथा लखनऊ के सैन्य प्रतिष्ठानों का दौरा भी करेंगे। पूर्ण चंद्र थापा की यह यात्रा भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच परस्पर नजदीकी संबंधों को दर्शाती है। माना जा रहा है कि यह यात्रा दोनों देशों की सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग को मजबूत करने का एक माध्यम सिद्ध होगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]