स्वतंत्र आवाज़
word map

गांवों तक पहुंचीं कल्याणकारी योजनाएं-मोदी

'हिमाचल ने स्वच्छता को संस्कार के रूपमें स्वीकारा'

धर्मशाला में हुई प्रधानमंत्री की जन आभार रैली

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 28 December 2018 01:34:32 PM

pm narendra modi public relation rally at dharamsala

धर्मशाला (शिमला)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर कांगड़ा ज़िले के धर्मशाला में जन आभार रैली को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने एक साल में राज्य की प्रगति, सरकारी योजनाओं और नई शुरुआतों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का एक दस्तावेज़ ज़ारी किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए आध्यात्मिकता और वीरता की भूमि के रूपमें हिमाचल प्रदेश की प्रशंसा की। उन्होंने हिमाचल के विकास में अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन और खेती के अलावा राज्य के विकास के लिए और भी संसाधन मौजूद हैं और केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार मिलकर हिमाचल के विकास में तेज़ी से काम कर रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने के लिए हिमाचल सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अगली पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए अवसंरचना निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में राजमार्ग, रेल, ऊर्जा, सौर ऊर्जा और पेट्रोलियम क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाएं निर्माण की प्रक्रिया में हैं। प्रधानमंत्री ने राज्य की पर्यटन क्षमता के संबंध में विस्तार से चर्चा की और इस संदर्भ में भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में विदेशी पर्यटकों की संख्या 2013 में 70 लाख थी, जो 2017 में एक करोड़ हो गई है, इसी प्रकार 2013 में अनुशंसित होटलों की संख्या लगभग 1200 थी, जो बढ़कर 1,800 हो गई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 40 साल से हमारे पूर्व सैनिक ‘वन रैंक वन पेंशन’ चाहते थे, हमने वादे के अनुसार पूर्व सैन्यकर्मियों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए ओआरओपी को लागू कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए हिमाचल प्रदेश के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों ने स्वच्छता को संस्कार के रूपमें स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ मिला है। नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के भ्रष्टाचार को समाप्त करने के तरीकों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के जरिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है और इससे लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]