स्वतंत्र आवाज़
word map

ब्रजेश पाठक की माता की मल्लावां में आरिष्टी

आरिष्टी में बड़ी संख्या में दिनभर विशिष्ट हस्तियां पहुंचीं

मंत्री ब्रजेश पाठक का शोक संवेदनाओं के लिए आभार!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 23 December 2018 09:33:03 PM

kamala pathak

हरदोई। उत्तर प्रदेश के विधायी एवं न्याय और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत मंत्री ब्रजेश पाठक की माताजी कमला पाठक की आरिष्टी उनके गांव मल्लावां में कल सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों, जजेज़, अधिवक्ताओं, विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट नागरिकों पत्रकारों और शुभचिंतकों ने माताजी कमला पाठक के चित्र पर पुष्प अर्पितकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कमला पाठक का करीब तिरासी वर्ष की उम्र में विगत दस दिसंबर को निधन हो गया था। उनके पीछे तीन पुत्रों राजेश पाठक, दिनेश पाठक, ब्रजेश पाठक एवं पौत्रों सहित भरापूरा परिवार है। विधायी एवं न्याय और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत मंत्री ब्रजेश पाठक और उनके शोक संतप्त परिवार ने इस घड़ी में परम आत्मा की शांति और संवेदनाएं प्रकट करने के लिए सबका आभार प्रकट किया है।
माताजी कमला पाठक के सभी संबंधित परमधाम कार्य मल्लावां में ही हुए। उत्तर प्रदेश के एक प्रभावशाली ब्राह्मण राजनीतिक परिवार होने के बावजूद ब्रह्मभोज सहित सभी कार्यक्रम बेहद सादगीपूर्ण प्रबंध से हुए। माताजी कमला पाठक के निधन के बाद से ही लोगों का रोज बड़ी संख्या में मल्लावां जाना होता रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह अनेक राजनेता और विशिष्टजन मल्लावां पहुंचे। इस मौके पर ब्रजेश पाठक की गांव-गांव में लोकप्रियता और उनके जनसंपर्क की शक्ति भी यहां देखने को मिली। ब्रजेश पाठक को राजनीति से भी परे सम्मान हांसिल है, यह खासतौर से देखने को मिला। आरिष्टी वाले दिन सुबह से ही लोग आने शुरू हो गए थे। दिनभर भाजपा नेताओं और विशिष्ट लोगों का आना-जाना होता रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्टजनों के आगमन को देखते हुए व्यवस्थित यातायात और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]