स्वतंत्र आवाज़
word map

सुनील अरोड़ा ने संभाला सीईसी का पदभार

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हमारी प्राथमिकता-सीईसी

राजस्थान व केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 3 December 2018 12:25:42 PM

cec sunil arora

नई दिल्ली। भारत के 23वें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूपमें सुनील अरोड़ा ने कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त ओम प्रकाश रावत की जगह ली है। ओम प्रकाश रावत शनिवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। मुख्य चुनाव आयुक्त के रूपमें सुनील अरोड़ा का कार्यकाल ढाई साल का होगा। कार्यभार ग्रहण करने के पश्‍चात सुनील अरोड़ा ने मीडिया को एक वक्‍तव्‍य देते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्‍य चुनाव आयुक्तों, चुनाव आयुक्तों और चुनाव आयोग के अधिकारियों ने भारतीय चुनाव आयोग को बहुत ही मेहनत व लगन से सींचा है और इसीका नतीजा है कि भारतीय चुनाव आयोग डेमोक्रेटिक वर्ल्‍ड के लिए प्रकाश पुंज के समान है। उन्होंने कहा कि संविधान में चुनाव आयोग की भूमिका की जो परिकल्‍पना की गई है और विशेष तौरपर जो आदर्श हमारे संविधान में उद्धृत किए गए हैं, हम उनके अनुसार यथासंभव काम करेंगे।
सुनील अरोड़ा चुनाव आयुक्त का पदभार ग्रहण करने के पहले 1 सितंबर 2017 से भारतीय चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त के रूपमें कार्य कर रहे थे। सीईसी के रूपमें सुनील अरोड़ा के कार्यकाल के दौरान 17वीं लोकसभा के आम चुनाव होंगे। इन दिनों पांच राज्यों-छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान एवं तेलंगाना में चुनाव हो रहे हैं, वहां चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के विभिन्न चरणों में है और वहां मतगणना 11 दिसंबर 2018 को होगी। इनके अतिरिक्त अगले वर्ष सिक्किम, आंध्र प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड, दिल्ली राजधानी क्षेत्र, बिहार एवं जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव होंगे। तेरह अप्रैल 1956 को जन्मे सुनील अरोड़ा 1980 बैच के राजस्थान कैडर के एक पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं, जो भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव के रूपमें 30 अप्रैल 2016 को सेवानिवृत्त हुए थे। सुनील अरोड़ा ने 36 वर्ष के अपने सेवाकाल के दौरान राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
सुनील अरोड़ा ने कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव, 2002 से 2005 तक तत्कालीन इंडियन एयरलाइंस में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एयर इंडिया, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं। सुनील अरोड़ा ने 2005-2013 में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के अध्यक्ष के रूपमें तथा कई अन्य महत्वपूर्ण पदों के अतिरिक्त 2013-14 के दौरान राजस्थान सरकार में गृह मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव के रूपमें भी काम किया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]