स्वतंत्र आवाज़
word map

हमें भारतीय उद्यमशीलता पर गर्व है-नायडू

बोत्सवाना के आर्थिक विकास में योगदान पर खुशी जताई

भारतीयों का देश की तरक्की में भी योगदान का आह्वान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 November 2018 03:30:19 PM

venkaiah naidu at an event to address the indian community reception

गैबोरॉन/ नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने विदेशों में बसे भारतीय समुदाय से देश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया है। उपराष्ट्रपति आज बोत्सवाना के गैबोरॉन में भारतीय उच्चायुक्त डॉ राजेश रंजन के आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बोत्सवाना में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने न सिर्फ यहां के बहुलवादी, स्वतंत्र और लोकतांत्रिक समाज के साथ भलीभांति सामंजस्य बनाया है, बल्कि बोत्सवाना के आर्थिक विकास में भी बड़ा योगदान किया है। उन्होंने कहा कि हम भारतीय उद्यमशीलता में गर्व महसूस करते हैं, हम कानून और नियमों पर चलने वाले लोग हैं, हम दुनिया के चाहे किसी भी हिस्से में रह रहे हों, हमने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है।
उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि भारत विदेशों में रह रहे अपने लोगों को बहुत महत्व देता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि भारतीय समुदाय बोत्सवाना की आर्थिक तरक्की में बड़ा योगदान कर रहा है। उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों को देश का सांस्कृतिक दूत बताते हुए कहा कि दुनिया उनको भारत के सांस्कृतिक मूल्यों और जीवनदर्शन के प्रतिनिधि के रूपमें देखती है। उन्होंने भारतीय समुदाय से भारत में हो रहे बड़े बदलाव पर नज़र रखने का आह्वान किया और कहा कि देश की इस तरक्की में उन्हें योगदान देना चाहिए।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि भारत बड़े बदलाव से गुजर रहा है, यहां कारोबार करने का माहौल बेहतर हो रहा है, भारत विश्वपटल पर अपनी पहचान बना रहा है, ऐसे में भारतीय समुदाय को यह देखना चाहिए कि वह देश की इस विकास यात्रा में किस तरह योगदान दे सकता है। वेंकैया नायडू ने भारतीय समुदाय से कहा कि वह दुनिया में भारत के संदेश वाहक बने रहें और दूसरे देशों की जो अच्छी चीजें हैं, उन्हें भारत लेकर आएं, ताकि देश और तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर हो सके। इस अवसर पर सामाजिक न्याय और आधिकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]