स्वतंत्र आवाज़
word map

ईद-उल-अज़हा पर मुस्लिम समाज को बधाईयां!

सभी की अपील शांति व आपसी सद्भाव से मनाएं ईद-उल-अज़हा

राष्‍ट्रपति उपराष्ट्रपति प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 22 August 2018 12:15:27 PM

eid-ul-azha

नई दिल्ली। आज ईद-उल-अज़हा है और देश और दुनिया में कुर्बानी की रस्म के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर नमाज़ के बाद कु‌र्बानी दी जा रही है। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-जुहा पर देश और विदेश में रह रहे भारतीय मुस्लिम समुदाय को बधाई दी है और अपील की है कि सभी मिलजुलकर ईद-उल-अज़हा मनाएं। शुभकामना संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा है कि मैं ईद-उल-जुहा पर सभी नागरिकों, खासतौर से भारत और विदेश में रहने वाले अपने मुस्लिम भाइयों और बहनों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि इस विशेष दिन हम बलिदान की रस्म ‌निभाते हैं, आइए हम अपने साझा समाज में एकता और बंधुता के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लें।
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने प्रदेशवासियों विशेषकर मुस्लिम समाज को बकरीद पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की है। राम नाईक ने बधाई संदेश में कहा है कि ईद-उल-अजहा कुरबानी का पर्व है, जो ग़रीबों तथा जरूरतमंदों की सहायता करने को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आज दूसरों को अपनी खुशी में शामिल करके खुशी बांटने की प्रवृत्ति को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ईद-उल-अजहा देश में भाईचारा सहयोग और शांति को अधिक मजबूती प्रदान करेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अज़हा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। एक बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि ईद-उल-अज़हा का त्यौहार सभी को मिल-जुलकर रहने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने इस त्यौहार को शांति व आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद, विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर, केंद्रीय संचार एवं प्रसारण राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर, उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी, महिला कल्याण और पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, वित्तमंत्री अरुण जेटली, रेलमंत्री पीयूष गोयल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, राजस्‍थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवरदास, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती, सपा के संस्‍थापक संरक्षक मुलायम सिंह यादव आदि ने ईद-उल-अज़हा पर मुस्लिम समाज को बधाई दी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]