स्वतंत्र आवाज़
word map

अफ्रीकी देश भारत के हैं काफी करीब-मोदी

'एशिया व अफ्रीकी राष्ट्रों की विश्व में मजबूत भूमिका'

प्रधानमंत्री ने युगांडा में भारतीयों को किया संबोधित

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 25 July 2018 01:59:11 PM

pm narendra modi at the indian community event, in uganda

कंपाला/ नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युगांडा की राजधानी कंपाला में एक समारोह में भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे युगांडा में रह रहे भारतीय समुदाय से एक अलग तरह का भावानात्मक लगाव महसूस हुआ है। उन्होंने कहा कि युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी के मुसेवनी का समारोह में उपस्थित होना यह दर्शाता है कि उन्हें युगांडा में रह रहे भारतीयों और भारत से कितना प्यार है। उन्होंने राष्ट्रपति योवेरी के मुसेवनी और युगांडा की जनता का युगांडा की संसद को संबोधित करने का सम्मान देने के लिए तहेदिल से धन्यवाद किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और युगांडा के संबंध सदियों पुराने हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष और युगांडा में रेल निर्माण कार्य सहित दोनों देशों के बीच के ऐतिहासिक संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि कई भारतीयों ने युगांडा की राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नरेंद्र मोदी ने सांस्कृतिक प्रदर्शन में परिलक्षित भारतीयता की भावना को जीवंत बनाए रखने के लिए भारतीय समुदाय की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि युगांडा सहित सारे अफ्रीकी देश भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण होने के साथ ही उसके काफी करीब भी हैं। उन्होंने कहा कि उपनिवेशवाद के खिलाफ संघर्ष का इतिहास, एक बड़े भारतीय प्रवासी और आम विकास की चुनौतियां इसके कारण हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व में तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, भारत अब कारों और स्मार्टफोनों का निर्यात कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि डिज़िटल प्रौद्योगिकी भारत के लोगों के लिए सशक्तिकरण का साधन बन रहा है और देश स्टार्टअप के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूपमें तेजी से उभरा है। प्रधानमंत्री ने भारत की विदेश नीति में अफ्रीका के महत्व की बात की। इस संदर्भ में उन्होंने नई दिल्ली में 2015 में भारत-अफ्रीका फोरम सम्मेलन का उल्लेख किया। उन्होंने भारत और अन्य अफ्रीकी देशों के बीच उच्चस्तरीय द्विपक्षीय भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के सभी सदस्य देशों में से आधे अफ्रीका से हैं और एशिया एवं अफ्रीका के राष्ट्र नए विश्व व्यवस्था में एक मजबूत भूमिका निभा रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]