स्वतंत्र आवाज़
word map

चंडीगढ़ में चरम पर भाजपा का उत्साह

निगम चुनाव में भाजपा आशा से भी ज्यादा सफल

अमित शाह ने दीं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 21 December 2016 05:09:50 AM

amit shah

चंडीगढ़। चंडीगढ़ निगम चुनावों में भाजपा को शानदार सफलता मिली है। भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव परिणाम से गदगद है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इन परिणामों के लिए चंडीगढ़ की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा भाजपा से जुड़े संगठनों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि डिमोनेटाइजेशन के फैसले के बाद हुए हर चुनाव में भाजपा को सफलता देकर जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले पर भी मुहर लगाने का काम किया है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों का जनता ने ह्रदय से समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि डिमोनेटाइजेशन के बाद राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों, विधानसभा एवं लोकसभा उपचुनावों के परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष डिमोनेटाइजेशन के फैसले का राजनीतिकरण करना चाहता है और वह इस पर राजनीति कर रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि डिमोनेटाइजेशन के फैसले के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए सभी चुनावों-उपचुनावों में देश की जनता ने विपक्ष को यह अच्छे से समझाया है कि जनता का मूड क्या है और राजनीति की दिशा क्या है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय प्रधानमंत्री के विजन और भारतीय जनता पार्टी की ‘पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस' की नीति में देश की जनता की अटूट आस्था और विश्वास का पता चला है। उन्होंने कहा कि डिमोनेटाइजेशन के फैसले के बाद देश में जहां भी चुनाव हुए हैं, जनता ने भाजपा को प्रचंड विजय दिलाते हुए प्रधानमंत्री के फैसले पर मुहर लगाई है।
अमित शाह ने कहा कि मैं इसके लिए एक बार फिर से जनता को धन्यवाद देता हूं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देश में नकारात्मक राजनीति की प्रतीक बन गई है। ज्ञातव्य है कि 18 दिसंबर 2016 को हुए चंडीगढ़ निगम चुनावों में भाजपा गठबंधन को कुल 26 सीटों में से 21 सीटों पर विजय प्राप्त हुई है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने कुल 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था, इसमें से 20 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि सहयोगी शिरोमणि अकाली दल ने एक सीट पर जीत दर्ज की। पिछले चुनावों में भाजपा को 15 सीटों पर विजय मिली थी। कांग्रेस को तब जहां 9 सीटें मिली थीं, वहीं उसकी संख्या इस बार घटकर महज चार रह गई है। डिमोनेटाइजेशन के फैसले के बाद हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की यह लगातार चौथी जीत है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]