स्वतंत्र आवाज़
word map

राजीव गांधी की 25वीं पुण्यतिथि मनाई

सोनिया गांधी, राहुल की स्मारक पर श्रद्धांजलि

देशभर में राजीव गांधी को याद किया गया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 21 May 2016 07:29:29 AM

rajiv gandhi, the 25th anniversary

नई दिल्ली/ लखनऊ। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत के प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी की 25वीं पुण्यतिथि पर आज उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा ने भी राजीव गांधी स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देने और भी नेता पहुंचे। प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह, गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, सुशील कुमार शिंदे, पीसी चाको, शीला दीक्षित और डीपीसीसी अध्यक्ष अजय माकन जैसे कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी। गौरतलब है कि भारत के छठे प्रधानमंत्री राजीव गांधी की चुनाव प्रचार के दौरान तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में 21 मई 1991 में आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
लखनऊ में राजीव गांधी के शहीद दिवस पर आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ निर्मल खत्री की मौजूदगी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर सर्वधर्म पाठ एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ निर्मल खत्री ने कालीदास मार्ग के राजीव चौक और माल एवेन्यू चौराहे पर राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत में सूचना क्रांति के अग्रदूत और भारतरत्न राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं उनके राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डाला। डॉ निर्मल खत्री ने कहा कि संवेदनशीलता राजीव गांधी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी खूबी थी, उनकी यही विशेषता नेतृत्व और कार्यकर्ता के बीच मजबूत कड़ी का निर्माण करती थी।
डॉ निर्मल खत्री ने कहा कि हर व्यक्ति स्वयं को राजीव गांधी के बहुत ही निकट पाता था, उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कुराहट रहती थी, कभी किसी ने उनके चेहरे पर कठोरता और तनाव नहीं देखा। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने देश के सामने उत्पन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया और देश को विश्व के पटल पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के बाद सोनिया गांधी ने कांग्रेस को शक्ति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी के सामने चुनौतियों का अंबार है, जिनका कांग्रेस को डटकर सामना करने की आवश्यकता है।
कांग्रेस के प्रवक्ता संजय बाजपेयी ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेयी, डॉ संतोष सिंह पूर्व सांसद, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, हनुमान त्रिपाठी, मदन मोहन शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार पांडेय, मारूफ खान, प्रमोद सिंह, अरुण प्रकाश सिंह, ओंकारनाथ सिंह, संजीव कुमार सिंह, द्विजेंद्र त्रिपाठी, चौधरी सत्यवीर सिंह, डॉ लालती देवी, विनोद मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बोधलाल शुक्ला, रमेश मिश्रा, संपूर्णानंद मिश्र, डॉ जियाराम वर्मा, डॉ विनोद चंद्र, डॉ हिलाल अहमद नकवी, एसजेएस मक्कड़, संतोष श्रीवास्तव, सुभाष श्रीवास्तव, पंकज तिवारी, अमित श्रीवास्तव त्यागी, बृजेंद्र कुमार सिंह, शैलेंद्र तिवारी, वेद प्रकाश त्रिपाठी, सरलेश रावत, सिद्धिश्री, सुशीला शर्मा, अनंता तिवारी, राजेंद्र पांडेय, कृष्णकांत पांडेय, अंजनी शुक्ला पिंटू, हरिनाम सिंह चौहान, संजय सिंह, राहुल शुक्ला, विभोर अवस्थी, रजनीश यादव, शैलेंद्र दीक्षित, प्रमोद द्विवेदी ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]