स्वतंत्र आवाज़
word map

हैल्थ सैक्टर में पूंजी निवेश करें-सीएम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 17 January 2013 08:43:17 AM

vijay bahuguna

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कहा है कि निजी क्षेत्र पीपीपी मोड व सरकार की सहायता लेकर प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं को ठीक करने में अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हैल्थ सैक्टर में पूंजी निवेश किया जाता है, तो सरकार उसे पूर्ण सहयोग व समर्थन देगी, सरकार के सीमित संसाधनों से स्वास्थ्य समस्याओं से नहीं निपटा जा सकता है, सरकारी डाक्टरों की वेतन वृद्धि भी इस समस्या का समाधान नहीं है, क्योंकि प्राइवेट क्षेत्र में अधिक आकर्षक पैकेज उपलब्ध हैं।इसी के साथ उन्होंने रानीपुर झाल में स्वामी भूमानंद अस्पताल, कैलाश अस्पताल समूह के सहयोग से संचालित स्वामी भूमानंद आधुनिकृत अस्पताल का लोकार्पण किया। विजय बहुगुणा ने आशा व्यक्त की कि अपने संकल्प के रूप में यह अस्पताल सरकार से जुड़कर दूर-दराज पर्वतीय क्षेत्र में अमूल्य सेवा देगा और स्वास्थ्य कैंप का आयोजन कर मानवता का संदेश प्रसारित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज से निकले हुए डाक्टरों के प्रति ऐसे नियम बनाए जाएंगे, जिससे वे बाध्य होकर पर्वतीय क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से अपनी सेवाएं दें। उन्होंने कहा कि सभी आश्रम ट्रस्ट यदि तय कर लें कि हमें स्वास्थ्य क्षेत्र में सुविधाएं देनी हैं, तो सरकार की बहुत बड़ी समस्या हल हो सकती है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन की अनिवार्यता की उपयोगिता को व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ्य मन व स्वथ्य शरीर ही अच्छा राष्ट्र समाज का आकार दे सकता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती पर स्वामी विवेकानंद के विचारों को ग्रहण करने का संदेश दिया। इस अस्पताल से यहां आने वाले विभिन्न पर्यटकों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा मिलने का भरोसा मिलेगा। उन्होंने राजनीति में अच्छे व पढ़े लोगों के प्रवेश पर भी बल दिया।
स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश की बहुत बड़ी जनसंख्या ऐसी है, जो आर्थिक रूप से कमजोर है तथा उसका इलाज ठीक प्रकार से नहीं हो सकता है, उसका इलाज ट्रस्ट पर आधारित इस अस्पताल मे हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति यह है कि हर स्कूल में आयरन की गोली उपलब्ध हो व वितरित हो, क्योंकि खून की कमी के कारण जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य को खतरा होता है। कन्या भ्रूण हत्या को जघन्य अपराध मानते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रयोग होने वाले अल्ट्रासाउंड संस्थानों के प्रति सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने भी विचार व्यक्त किए। डॉ महेश शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। इस मौके पर विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, सर्वत करीम अंसारी, चंद्रशेखर भट्टेवाला, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक, आदेश चौहान, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष हरबंश कपूर, सतपाल ब्रहमचारी, संजय पालीवाल, अस्पताल के व्यवस्थापक/संस्थापक अच्युतानंद इत्यादिउपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]