स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत और जापान में रक्षा सहयोग बढ़ेगा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 7 January 2014 09:26:34 PM

india-japan

नई दिल्‍ली। जापान के रक्षा मंत्री इतसुनोरी ऑनडेरा 5-8 जनवरी 2014 के दौरान भारत यात्रा पर हैं। नवंबर 2011 में भारत-जापान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान यह यात्रा निर्धारित हुई थी। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों के बीच कल बैठक हुई। दोनों मंत्रियों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों पर अपने विचार रखे। इसके अलावा भारत-जापान के बीच द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और आदान-प्रदान पर चर्चा हुई। उन्‍होंने क्षेत्र में शांति, स्‍थायित्‍व और समृद्धि के लिए भी चर्चा की। जापान के रक्षा मं‍त्री ने दिसंबर 2013 से लागू जापान की राष्ट्रीय सुरक्षा नीति और राष्‍ट्रीय रक्षा कार्यक्रम के दिशा निर्देशों के बारे में जानकारी दी। भारत के रक्षा मंत्री एके एंटनी ने इस जानकारी के लिए उन्‍हें धन्‍यवाद दिया।
दोनों मंत्रियों ने भारत-जापान द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और विभिन्‍न क्षेत्रों में अलग-अलग स्‍तरों पर किए गए आदान-प्रदान तथा 2011 में रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान निर्धारित तीसरी रक्षा नीति वार्ता में प्रगति की सराहना की। इसके अतिरिक्‍त दूसरी टू प्‍लस टू वार्ता तथा जापान मेरीटाइम सेल्‍फ डिफेंस फोर्स और भारतीय नौसेना के बीच 19-22 दिसंबर 2013 के दौरान दूसरे द्विपक्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रशंसा की। मंत्रियों ने उच्‍च स्‍तर और कार्यकारी स्तर पर नियमित बातचीत की आवश्यकता और आदान-प्रदान, सेवाओं और शै‍क्षणिक अनुसंधान के लेन-देन के लिए अतिरिक्‍त प्रयासों तथा आपसी विश्‍वास मजबूत करने एवं आपसी समझ बढ़ाने की आवश्‍कता पर अपने विचार व्‍यक्‍त किए। उन्‍होंने भारत-जापान के बीच सुरक्षा वार्ता और सहयोग (समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग भी शामिल) तथा रणनीतिक और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने का संकल्‍प भी लिया।
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने रक्षा सहयोग बढ़ाने और सूचना आदान-प्रदान पर अपने विचार रखे। जिन प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई उनका विवरण दिया गया है। नियमित रूप से वार्षिक आधार पर उच्‍च स्‍तरीय यात्रा आयोजित की जाएंगी। इसके तहत 2014 में भारत के रक्षा मंत्री जापान की यात्रा करेंगे। दिल्‍ली में 2014 में तीसरी टू प्‍लस टू वार्ता और चौथी रक्षा नीति बातचीत (रक्षा स्‍तर के प्रशासनिक उप मंत्री अथवा सचिव स्‍तर) आयोजित की जाएगी। संयुक्‍त राष्‍ट्र के शांति मिशन कार्यक्रमों को सेवाएं बढ़ाना जापान के शांति मिशन कार्यक्रमों को प्रशिक्षण और अनुसंधान केंद्र, संयुक्‍त स्‍टाफ कॉलेज (जेपी सी), जापान की ग्राउंड सेल्‍फ डिफेंस फोर्स के केंद्रीय तैयारी बल और भारतीय सेना के संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति मिशन केंद्र के बीच आदान-प्रदान बढ़ाने का निर्णय भी लिया गया।
जापान मेरीटाइम सेल्‍फ डिफेंस फोर्स और भारतीय नौसेना के बीच नियमित रूप से द्विपक्षीय अभ्‍यास आयोजित करना। भारतीय नौसेना 2014 में संयुक्‍त अभ्‍यास के लिए जापान का दौरा करेगी। मानवतावादी सहायता पर विशेषज्ञ सेवाओं का आदान-प्रदान, भारतीय सेना और जापान की ग्राउंड सेल्‍फ डिफेंस फोर्स के बीच त्रासदी के समय राहत सेवाएं और आतंकवाद के विरोध में सहयोग। जापान की वायुसेना और भारतीय वायुसेना के बीच अधिकारियों, पेशेवर लेन-देन के तहत टैस्‍ट पायलटों एवं उड़ानों की सुरक्षा एवं परिवहन जहाजों के बेड़ों के पेशेवरों का आदान-प्रदान तथा कर्मचारियों के बीच बातचीत की संभावनाओं पर विचार करना।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]