बारूदी सुरंग भेदने वाली ट्रॉल असेंबली की खरीद के लिए अनुबंध
रक्षा मंत्रालय का बीईएमएल और इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से करारस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 21 April 2026 06:44:58 PM
नई दिल्ली। भारतीय सेना की ऑपरेशनल क्षमताओं में वृद्धि करते हुए बारूदी सुरंग भेदने वाली ट्रॉल असेंबली की खरीद केलिए अनुबंध रक्षा मंत्रालय ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) और इलेक्ट्रो न्यूमेटिक्स एंड हाइड्रोलिक्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड केसाथ महत्वपूर्ण अनुबंध किए हैं। इन अनुबंधों पर नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए। सेना के टी-72/टी-90 टैंकों केलिए 975 करोड़ रुपये की लागत वाली ट्रॉल असेंबली की खरीद की जा रही है, जो डीआरडीओ का विकसित एक महत्वपूर्ण उपकरण है और जो भारतीय सेना की बारूदी सुरंगों को भेदने की क्षमताओं में और ज्यादा बड़ी भूमिका निभाएगा।
ट्रॉल असेंबली से प्रॉक्सिमिटी मैग्नेटिक फ्यूज वाली एंटी टैंक माइंस से भरे बारूदी सुरंग क्षेत्रों में वाहनों केलिए सुरक्षित मार्ग बनाने की अतिरिक्त क्षमता उत्पन्न होगी, जिससे भारतीय सेना की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। भारतीय स्वदेशी डिजाइन, विकास और विनिर्माण के रूपमें यह रक्षा खरीद भारत की रक्षा अवसंरचना के आधुनिकीकरण और स्वदेशी उद्योगों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आत्मनिर्भर भारत का गौरवशाली ध्वजवाहक बनेगा। माना जा रहा हैकि इस परियोजना में कंपोनेंट के विनिर्माण के माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सेक्टर को प्रोत्साहित करने के जरिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोज़गार सृजन की अपार क्षमता है।