आतंकवाद के खात्मे के लिए जापान का भारत को पूर्ण समर्थन!
सीमापार आतंकवाद पर पाकिस्तान की सरकारी नीति की निंदा कीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 6 May 2025 12:41:41 PM
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जापान के रक्षामंत्री जनरल नाकातानी सैन ने सभी रूपों में आतंकवाद की कड़ी निंदा की है और आतंकवाद और इसे बढ़ावा देने वाली राज्य प्रायोजित कार्रवाइयों के खिलाफ एकजुट रुख अपनाने का आह्वान भी किया है। उन्होंने इसके खात्मे केलिए सहयोग और संयुक्त प्रयासों को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर भी दिया है। दोनों रक्षा मंत्रियों ने मानेकशॉ सेंटर नई दिल्ली में आयोजित द्विपक्षीय बैठक में भारत-जापान केबीच विशेष रणनीतिक व वैश्विक साझेदारी एवं रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर व्यापक चर्चा की। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के खिलाफ सीमापार आतंकवाद की पाकिस्तान की सरकारी नीति की निंदा की, जिसे सरकारी और गैर सरकारी तत्वों के माध्यम से दूसरे देशों तकमें उसकी शांति सुरक्षा भंग करने केलिए बढ़ावा दिया जाता है। उन्होंने कहाकि इस तरह के आतंकवादी हमले क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को अस्थिर करते हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने टैंक इंजन और एयरो इंजन सहित नए क्षेत्रों में जापान केसाथ सहयोग करने केलिए रक्षामंत्री जनरल नाकातानी सैन के समक्ष भारतीय रक्षा उद्योग की संभावनाओं को रेखांकित किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जनरल नाकातानी सैन ने भारत-जापान द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने एवं क्षेत्रीय शांति में योगदान देने की अपनी-अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। दोनों रक्षा मंत्रियों ने दोनों देशों केबीच रक्षा अभ्यासों और आदान-प्रदान की बढ़ती विविधता व बारंबारता का स्वागत किया और इन जुड़ावों के दायरे और संरचना को बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों रक्षा मंत्रियों ने भारत-जापान केबीच मजबूत समुद्री सहयोग में नए आयाम जोड़ने पर विमर्श किया। उन्होंने रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल संचालन के क्षेत्रोंमें क्षमताओं पर प्रकाश डाला। दोनों पक्ष साइबर, अंतरिक्ष, ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विशिष्ट क्षेत्रोंमें सहयोग की खोज सहित उद्योग सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए।
जापान के रक्षामंत्री जनरल नाकातानी सैन ने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए दुखद आतंकवादी हमले पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और भारत को पूरी सहायता देने की पेशकश की। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और जनरल नाकातानी सैन ने कहाकि भारत और जापान की दीर्घकालिक मित्रता ने 2014 में इस सहयोग को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाए जाने केबाद गुणवत्तापूर्ण गति पकड़ी है। यह वार्ता द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढ़ाने केलिए दोनों पक्षों की मजबूत प्रतिबद्धता केसाथ समाप्त हुई। इससे पहले जापान के रक्षामंत्री जनरल नाकातानी सैन ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जनरल नाकातानी सैन का भारत की तीनों सेनाओं की ओर से सलामी गारद और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अगवानी केसाथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया।