स्वतंत्र आवाज़
word map

पीएम का किसान निधि और आवास का तोहफा

किसान कल्याण व आवास क्षेत्र के अभी और भी बड़े काम-मोदी

प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद ने मंत्रालयों में कामकाज प्रारंभ किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 11 June 2024 04:18:54 PM

prime minister narendra modi takes over as prime minister at south block

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपानीत एनडीए मंत्रिमंडल ने मंत्रालय का कार्यभार संभालते ही कामकाज शुरू कर दिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो पीएमओ का कार्यभार संभालते ही सबसे पहले पीएम किसान निधि की 17वीं किस्त जारी करने की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए और 9.3 करोड़ किसानों के खातों में लगभग 20000 करोड़ रुपये पहुंच भी गए। प्रधानमंत्री ने कहाकि उनकी सरकार किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र केलिए अभी और बड़े काम करेगी। प्रधानमंत्री ने पीएम आवास योजना में भी 3 करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण एवं शहरी घरों के निर्माण कार्य की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो देशवासियों की आवास आवश्यकताएं पूरी करने और प्रत्येक नागरिक का बेहतर जीवन सुनिश्चित करने केप्रति उनकी सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। नरेंद्र मोदी ने कहाकि पीएमएवाई का विस्तार समावेशी विकास एवं सामाजिक कल्याण और करोड़ों भारतीयों के जीवनयापन में सुगमता तथा सम्मान को प्रोत्साहन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएमओ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी संबोधित किया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि उन्होंने पीएमओ को शुरू सेही सेवा का अधिष्ठान और जनता का पीएमओ बनाने का प्रयास किया है, हमने पीएमओ को एक उत्प्रेरक एजेंट के रूपमें विकसित करने का काम किया है, ताकि वह नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बने। नरेंद्र मोदी ने कहाकि सरकार का मतलब शक्ति समर्पण और संकल्प की नई ऊर्जा है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डालाकि अकेले मोदी ही सरकार नहीं चलाते, बल्कि हजारों लोग एकसाथ मिलकर सरकार चलाने की जिम्मेदारी उठाते हैं, जिसके परिणामस्वरूप नागरिक ही इसकी क्षमताओं की भव्यता के साक्षी बनते हैं। प्रधानमंत्री ने कहाकि देश को इस टीम पर भरोसा है। उन्होंने इस अवसर पर अपनी टीम का हिस्सा रहे लोगों को धन्यवाद दिया और उन लोगों का भी आह्वान किया, जो अगले 5 वर्ष केलिए विकसित भारत की यात्रा में शामिल होना चाहते हैं और राष्ट्र निर्माण केलिए खुदको समर्पित करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री ने कहाकि हमसब मिलकर विकसित भारत 2047 के इरादे केसाथ 'राष्ट्र प्रथम' के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। उन्होंने दोहरायाकि उनका हर पल राष्ट्र का है और इच्छा एवं स्थायित्व का जोड़ दृढ़ संकल्प बनाता है, जबकि दृढ़ संकल्प से कड़ी मेहनत करने पर सफलता मिलती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि उनकी टीम में शामिल लोगों केपास समय की कोई बाध्यता नहीं है, सोचने की कोई सीमा नहीं है और न ही प्रयास करने केलिए कोई निर्धारित मानदंड हैं। उन्होंने कहाकि अगर किसीकी इच्छा स्थायी है तो वह संकल्प का रूप ले लेती है, जबकि लगातार बदलती इच्छा केवल एक लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की इच्छा व्यक्त की और बीते 10 वर्ष के काम से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करते हुए वैश्विक मानदंड से आगे निकल जाने केलिए प्रेरित किया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि हमें देश को उन ऊंचाइयों पर ले जाना चाहिए, जिसे किसी अन्य देश ने कभी हासिल नहीं किया है। प्रधानमंत्री ने कहाकि सफलता केलिए विचारों की स्पष्टता, दृढ़ विश्वास और काम करने की ललक जरूरी है। उन्होंने कहाकि अगर हमारे पास ये चीजें हैं तो सफलता मिलेगी। प्रधानमंत्री ने भारत सरकार के कर्मचारियों को श्रेय दिया, जिन्होंने खुदको एक विजन के लिए समर्पित कर दिया, ये कर्मचारी सरकार की उपलब्धियों में बड़ी हिस्सेदारी के हक़दार हैं। उन्होंने अपनी टीम को नए विचार विकसित करने और काम के पैमाने को बढ़ाने केलिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री ने संबोधन का समापन अपने ऊर्जावान बने रहने की वजह पर प्रकाश डालते हुए किया और कहाकि एक सफल व्यक्ति वह होता है, जो अपने भीतर के छात्र को जीवित रखता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास कार्मिक लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे और अन्य सभी विभाग जो किसीभी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं का प्रभार है। राजनाथ सिंह ने दोबारा रक्षामंत्री का पदभार संभाला है, जबकि अमित शाह गृहमंत्री और सहकारिता मंत्री बने हैं। नितिन गडकरी सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री हैं। जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय दिया गया है। शिवराज सिंह चौहान कृषि और किसान कल्याण मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री बनाए गए हैं। निर्मला सीतारमण पुन: वित्तमंत्री और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री बनाई गई हैं। डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर को विदेश मंत्रालय और मनोहर लाल खट्टर को आवास शहरी मामलों एवं ऊर्जा का मंत्रालय दिया गया है। एचडी कुमारस्वामी भारी उद्योग और इस्पात मंत्री बनाए गए हैं। पीयूष गोयल वाणिज्य और उद्योग मंत्री, धर्मेंद्र प्रधान को दोबारा शिक्षा मंत्रालय मिला है। जीतनराम मांझी सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्री, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्री बनाए गए हैं। सर्बानंद सोनोवाल बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री हैं। डॉ वीरेंद्र कुमार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री हैं। किंजरापु राममोहन नायडू नागरिक उड्डयन मंत्री बनाए गए हैं। प्रह्लाद जोशी उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री और जुएल ओराम जनजातीय मामलों के मंत्री बने हैं। गिरिराज सिंह कपड़ा मंत्री, अश्विनी वैष्णव रेल, सूचना प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री बनाए गए हैं। भूपेंद्र यादव पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री, गजेंद्र सिंह शेखावत संस्कृति और पर्यटन मंत्री बनाए गए हैं। अन्नपूर्णा देवी महिला एवं बाल विकास मंत्री, किरेन रिजिजू संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री बनाए गए हैं। हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री, डॉ मनसुख मंडाविया श्रम एवं रोज़गार मंत्री, युवा मामले एवं खेल मंत्री, जी किशन रेड्डी कोयला और खान मंत्री, चिराग पासवान खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और सीआर पाटिल जल शक्ति मंत्री बनाए गए हैं।
राव इंद्रजीत सिंह सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यांवयन एवं योजना मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संस्कृति मंत्रालय में राज्यमंत्री। डॉ जितेंद्र सिंह विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक लोक शिकायत और पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग में राज्यमंत्री। अर्जुनराम मेघवाल कानून और न्याय मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्यमंत्री। जाधव प्रतापराव गणपतराव आयुष मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्यमंत्री। जयंत चौधरी कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा मंत्रालय में राज्यमंत्री।
जितिन प्रसाद वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्यमंत्री। श्रीपद येसो नाइक ऊर्जा मंत्रालय में तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में राज्यमंत्री। पंकज चौधरी वित्त मंत्रालय में राज्यमंत्री। कृष्ण पाल सहकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री। रामदास अठावले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री। रामनाथ ठाकुर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्यमंत्री। नित्यानंद राय गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री। अनुप्रिया पटेल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय में राज्यमंत्री। वी सोमन्ना जल शक्ति मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय में राज्यमंत्री। डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा संचार मंत्रालय में राज्यमंत्री। प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, तथा पंचायती राज मंत्रालय में राज्यमंत्री। शोभा करंदलाजे सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में राज्यमंत्री। कीर्तिवर्धन सिंह पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय में राज्यमंत्री। बीएल वर्मा उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय में राज्यमंत्री। शांतनु ठाकुर बंदरगाह जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री। सुरेश गोपी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय में राज्यमंत्री। डॉ एल मुरुगन सूचना और प्रसारण मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्यमंत्री। अजय टम्टा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री। बंदी संजय कुमार गृह मंत्रालय में राज्यमंत्री। कमलेश पासवान ग्रामीण विकास मंत्रालय में राज्यमंत्री। भागीरथ चौधरी कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में राज्यमंत्री। सतीश चंद्र दुबे कोयला मंत्रालय तथा खान मंत्रालय में राज्यमंत्री। संजय सेठ रक्षा मंत्रालय में राज्यमंत्री। रवनीत सिंह खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय तथा रेल मंत्रालय में राज्यमंत्री। दुर्गादास उइके जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्यमंत्री। रक्षा निखिल खडसे युवा मामले और खेल मंत्रालय में राज्यमंत्री। सुकांत मजूमदार शिक्षा मंत्रालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय में राज्यमंत्री। सावित्री ठाकुर महिला और बाल विकास मंत्रालय में राज्यमंत्री। तोखन साहू आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय में राज्यमंत्री। राजभूषण चौधरी जल शक्ति मंत्रालय में राज्यमंत्री। भूपति राजू श्रीनिवास वर्मा भारी उद्योग मंत्रालय और इस्पात मंत्रालय में राज्यमंत्री। हर्ष मल्होत्रा कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री। निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया उपभोक्ता मामले खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्यमंत्री। मुरलीधर मोहोल सहकारिता मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय में राज्यमंत्री। जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय और मत्स्य पालन पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्यमंत्री। पबित्रा मार्गेरिटा विदेश मंत्रालय और वस्त्र मंत्रालय में राज्यमंत्री। प्रधानमंत्री और उनकी मंत्रिपरिषद ने अपने-अपने मंत्रालयों में तत्काल प्रभाव से कामकाज भी शुरू कर दिया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]