स्वतंत्र आवाज़
word map

एनसीसी संगठन पर गर्व है-रक्षा राज्यमंत्री

एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में देखा विविधताओं का संगम

देश के भावी नायकों को तैयार करने में एनसीसी के प्रयास सराहे

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 19 January 2024 12:34:56 PM

ncc republic day camp

नई दिल्ली। रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दिल्ली कैंट में दौरा किया, जहां उन्होंने देश की विविधताओं का संगम देखा। रक्षा राज्यमंत्री ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहाकि राष्ट्रीय कैडेट कोर केवल एक संगठन नहीं है, बल्कि यह एक आंदोलन है, जो देश के युवा मस्तिष्क को जिम्मेदार नागरिकों और भविष्य के नायकों के रूपमें रूपांतरित करता है। रक्षा राज्यमंत्री ने भारत के भविष्य के नायकों को तैयार करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रयासों की सराहना करते हुए शिविर को विविध संस्कृतियों, भाषाओं एवं परंपराओं का मिश्रण बताया, जो अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश की जीवंत छवि और विविधता में एकता की पहचान को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कैडेटों में मूल्यों एवं कौशल भावना को विकसित करने और उनकी नेतृत्व क्षमताओं को विस्तार देने केलिए भी एनसीसी की प्रशंसा की।
रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहाकि राष्ट्रीय कैडेट कोर अपने आदर्श वाक्य 'एकता और अनुशासन' के अनुरूप छोटे स्तरसे शुरू होकर दुनिया का सबसे बड़ा वर्दीधारी युवा संगठन बन चुका है। अजय भट्ट ने एनसीसी कैडेट के रूपमें अपने समय को भी याद किया। अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहाकि एनसीसी संगठन ने उन्हें गर्व की गहरी भावना से भर दिया है। उन्होंने पुनीत सागर अभियान, गंगा उत्सव अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, प्लास्टिक प्रदूषण अभियान, समुद्र तटीय सफाई दिवस और विश्व नदी दिवस जैसी सामुदायिक सेवा योजनाओं केप्रति उनके सराहनीय प्रयास सराहे, जिनका देश पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने एनसीसी कैडेटों का संविधान के आदर्शों केप्रति स्वयं को पुनः समर्पित करने और इस वर्ष के गणतंत्र दिवस पर अधिक समावेशी तथा सशक्त भारत बनाने का प्रयास करने केलिए आह्वान किया।
रक्षा राज्यमंत्री ने एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर के हिस्से के रूपमें एनसीसी के स्मार्ट कैडेटों के प्रस्तुत एक प्रभावशाली 'गार्ड ऑफ ऑनर' का निरीक्षण किया। इसके बाद कपूरथला के सैनिक स्कूल से आए एनसीसी कैडेटों ने शानदार बैंड प्रदर्शन किया। अजय भट्ट ने फ्लैग एरिया का भी दौरा किया, जिसमें विभिन्न सामाजिक जागरुकता विषयों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों केबारे में सूचनाओं को दर्शाया गया है। उन्हें राज्य निदेशालयों के बारेमें भी जानकारी दी गई, इसके बाद रक्षा राज्यमंत्री राष्ट्रीय एकता और भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साक्षी भी बने। इस अवसर पर एनसीसी के महानिदेशक भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]