स्वतंत्र आवाज़
word map

वाणिज्य उद्योग मंत्रालय के 2024 में मेगा इवेंट

'भारत को वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में अग्रणी बनाएंगे'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली में मीडिया को दी जानकारी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 29 December 2023 03:18:22 PM

piyush goyal

नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, कपड़ा और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया हैकि वर्ष 2024 में मेगा इवेंट की तैयारियां जोरों पर हैं, जिनमें देश के एमएसएमई क्षेत्र, पारंपरिक हस्तशिल्प, कारीगरी की पेशकश, बुनकरों और विनिर्माण कौशल को प्रदर्शित करने केलिए भारत को वैश्विक एमआईसीई गंतव्य यानी बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनियों के माध्यम से बढ़ावा दिया जाएगा। पीयूष गोयल ने कहाकि भारत की वैश्विक उपस्थिति पर बल देने और दुनिया केसाथ इसके आर्थिक जुड़ाव को मजबूत करने केलिए महत्वपूर्ण परिवर्तनकारी पहल के रूपमें 2024 में मेगा कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ किया जाएगा। पीयूष गोयल ने कहाकि वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूपमें भारत की स्थिति को अग्रणी बनाने केलिए इन मेगा इवेंट्स का शुभारंभ 3 से 10 जनवरी 2024 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में थीम 'आत्मनिर्भर भारत उत्सव' से होगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहाकि इसका उद्देश्य कारीगरों, बुनकरों, खादी, जनजातीय शिल्प, एमएसएमई और कुटीर उद्योगों के उत्पादों सहित पेशकशों की समृद्ध श्रृंखला का प्रदर्शन करना है, जो उत्पादकों और उपभोक्ताओं केबीच सीधा परस्पर संवाद प्रस्तुत करती है। इसके पश्चात इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट ग्रेटर नोएडा में 8 से 10 जनवरी 2024 तक 'इंडस फूड' प्रदर्शनी लगेगी, जिसमें लगभग 120 देशों के 1100 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे और इसमें 2500 विदेशी खरीदारों के शामिल होने की आशा है। यह प्रदर्शनी मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अधिक रोज़गार सृजन करने का लक्ष्य है। अगली पहल के तहत 1 से 3 फरवरी 2024 तक भारत मंडपम में 'भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2024' होगा, इसमें ऑटोमोबाइल और गतिशीलता क्षेत्र के हितधारक अपनी क्षमता और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। एक्सपो में अगली पीढ़ी के पर्यावरण अनुकूल उत्पादों, निर्माण उपकरण और विभिन्न नवीन गतिशीलता समाधान जैसे क्षेत्रों कोभी शामिल किया जाएगा।
भारत मंडपम और यशोभूमि नई दिल्ली दोनों में 26 से 29 फरवरी 2024 तक 'भारत टेक्स' की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जो दुनिया के सबसे विशाल कपड़ा आयोजनों में से एक होगी, इसमें खेत से फैशन तक प्रारंभ से अंततक कपड़ा मूल्य श्रृंखला की विशेषता होगी। करीब 3500 से अधिक प्रदर्शकों, 3000 से अधिक विदेशी खरीदारों और 40 से अधिक देशों की भागीदारी केसाथ भारत टेक्स का लक्ष्य वैश्विक दर्शकों केलिए भारत की कपड़ा शक्ति और नवीनता को प्रदर्शित करना है। पीयूष गोयल ने इन प्रदर्शनियों के व्यापकता, आकार और महत्वाकांक्षा पर बल देते हुए वैश्विक भागीदारी में भारत की महत्वपूर्ण क्रांति की जानकारी दी। उन्होंने भारत की वैश्विक पहुंच रणनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव को चिन्हित करते हुए दुनियाभर में अधिक व्यापार और बाजार जुड़ाव को बढ़ावा देने की पहलों पर भी चर्चा की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]