स्वतंत्र आवाज़
word map

'देश में समुद्री क्रूज पर्यटन की अपार संभावनाएं'

जलमार्ग मंत्री ने चेन्नई व श्रीलंका के बीच शुरू की पहली क्रूज सेवा

'अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर क्रूज पर्यटन व्यवसाय को और बढ़ावा मिलेगा'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 6 June 2023 02:49:33 PM

waterways minister launches first cruise service between chennai-sri lanka

चेन्नई। केंद्रीय पत्तन पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा हैकि देश में आधुनिक क्रूज पर्यटन और नौवहन व्यापार का आगाज हो चुका है और भारत के पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रूज जहाज एमवी एम्प्रेस को चेन्नई से श्रीलंका केलिए झंडी दिखाकर रवाना किया। चेन्नई में इसके साथही अंतर्राष्ट्रीय क्रूज पर्यटन टर्मिनल की शुरूआत हो चुकी है, जिसे 17.21 करोड़ रूपये की लागत से तैयार किया गया है। सर्बानंद सोनोवाल ने पर्यावरण दिवस पर पत्तन अधिकारियों केसाथ बंदरगाह में 2500 पौधे भी लगाए। उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय देश में क्रूज पर्यटन विकसित करने और नौवहन व्यापार के अवसरों को मजबूती देने केलिए कई कदम उठा रहा है। उन्होंने कहाकि हमारे तटीय क्षेत्रों की समृद्ध विरासत और संस्कृति को देखते हुए भारत में समुद्री क्रूज पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।
जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने चेन्नई और श्रीलंका केबीच पहली क्रूज सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया और कहाकि इसके साथही देश में क्रूज पर्यटन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरूआत हो चुकी है। उन्होंने कहाकि किफायती और विश्वस्तरीय क्रूज सेवाओं तक पहुंच अब वास्तविकता बन गई है, इसमें लोग आरामदेह, मनोरंजक यात्रा केसाथ रोमांचक नजारों का आनंद उठा सकते हैं। उन्होंने उल्लेख कियाकि यह क्रूज सेवा 2022 में पहले अतुल्य भारत अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सम्मेलन के दौरान चेन्नई बंदरगाह और मैसर्स वाटरवेज लीजर टूरिज्म प्राइवेट लिमिटेड केबीच घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय क्रूज सेवा शुरू करने केलिए हुए सहमति ज्ञापन का परिणाम है। उन्होंने बतायाकि घरेलू सर्किट में 37 जलपोतों के जरिये 85,000 यात्रियों ने क्रूज सेवा का लाभ उठाने की जोरदार प्रतिक्रिया दी है, इससे अनुमान लगाया जा रहा हैकि अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर भी यात्रा शुरू होने से क्षेत्र में क्रूज पर्यटन व्यवसाय को और बढ़ावा मिलेगा।
सर्बानंद सोनोवाल ने कहाकि चेन्नई बंदरगाह पर विकसित आधुनिक क्रूज टर्मिनल 2880 वर्गमीटर क्षेत्र में फैला है, जिसकी एक समय में 3000 यात्रियों की मेजबानी की क्षमता है। सर्बानंद सोनोवाल ने कहाकि निकट भविष्य में अधिक से अधिक लोगों के क्रूज पर्यटन का अनुभव प्राप्त करने की उम्मीद है, ऐसे में सरकार क्रूज पर्यटन और नौवहन व्यापार वृद्धि एवं उसके समर्थन केलिए विश्वस्तरीय ढांचागत सुविधाएं विकसित करने को पूरी गंभीरता से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बतायाकि तीन नए अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल जल्द तैयार होंगे और 2024 तक काम करने लगेंगे और उम्मीद हैकि 2023 में जो क्रूज जहाजों की संख्या 208 है, वह 2030 तक बढ़कर 500 और 2047 तक 1100 पहुंच जाएगी, इसके साथही क्रूज सेवाओं का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या 2030 में 9.5 लाख से बढ़कर 2047 में 45 लाख तक पहुंच जाएगी।
पोर्ट शिपिंग मंत्री ने कहाकि पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी तटीय भारत में क्रूज सेवाओं केलिए मांग बढ़ाने के उद्देश्य से हम गुजरात तीर्थाटन, प्राकृतिक दर्शनीय यात्रा, आयुर्वेद वेलनेस टूर और विरासत पर्यटन पर काम कर रहे हैं, अंडमान, पुडुचेरी और लक्षद्वीप मार्गों पर नए क्रूज पर्यटन टर्मिनल विकसित करने की योजना पर काम जारी है। उन्होंने बतायाकि हम भारत, थाइलैंड और म्यांमार केबीच आवागमन केलिए नौका मार्ग विकसित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने कहाकि क्रूज सेवा श्रीलंका के तीन बंदरगाह हंबनटोटा, त्रिनकोमाली और कनकेकंतूरी तक जाएगी। उन्होंने बतायाकि एमवी एम्प्रेस से यात्रा करने का पैकेज दो रात, तीन रात, चार रात और पांच रात केलिए होगा। समुद्र में यात्रा के दौरान एमवी एम्प्रेस चेन्नई लौटने से पहले श्रीलंका के तीन बंदरगाहों तक जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]