स्वतंत्र आवाज़
word map

एयर मार्शल पंकज मोहन ने संभाली पश्चिमी कमान

भारतीय वायुसेना में 1985 में फाइटर पायलट के पद पर हुए थे नियुक्त

'विशिष्ट सेवा पदक' और 'अति विशिष्ट सेवा पदक' से सम्मानित हुए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 2 January 2023 01:44:25 PM

air marshal pankaj mohan took over the western command

मुंबई। एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा ने भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायुकमान का कार्यभार 1 जनवरी 2023 से संभाल लिया है। उन्होंने एयर मार्शल एस प्रभाकरन का स्थान लिया है, जो वायुसेना में 39 साल से अधिक की विशिष्ट सेवा देने केबाद 31 दिसंबर 2022 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं। एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा एक प्रमुख लड़ाकू स्क्वाड्रन के कमोडोर कमांडेंट हैं और वर्तमान नियुक्ति से पहले वायुसेना मुख्यालय में वायु संचालन महानिदेशक के पदपर थे। वे पुणे की राष्ट्रीय रक्षा अकादमी से स्नातक हैं और जून 1985 में एक लड़ाकू विमान पायलट के रूपमें भारतीय वायुसेना में नियुक्त हुए थे। वे वेलिंगटन के प्रतिष्ठित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के छात्र हैं एवं एक अनुभवी फाइटर पायलट हैं और 'ए' श्रेणी के मान्यता प्राप्त फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर, फाइटर स्ट्राइकर लीडर, इंस्ट्रूमेंट रेटिंग इंस्ट्रक्टर तथा परीक्षक के रूपमें विभिन्न पदों कार्यरत रहे हैं।
एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा को विमान उड़ाने का 4500 घंटे से अधिक का अनुभव है। वे 37 साल से अधिक के अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण कमान और स्टाफ नियुक्तियों पर रहे हैं, इनमें फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर और फ्लाइंग स्टेशन पर मुख्य उड़ान प्रशिक्षक जैसी नियुक्तियां शामिल हैं। उन्होंने ब्रिटेन में रॉयल एयर फोर्स वैली में ट्रेनिंग कोऑर्डिनेशन ऑफिसर के रूपमें कार्य किया है, जहांपर उन्होंने हॉक विमान उड़ाया था। एयर मार्शल वायुसेना मुख्यालय में प्रधान निदेशक कार्मिक अधिकारी, प्रतिष्ठित वायुसेना स्टेशन के कमांडिंग वायु अधिकारी, वायुसेना प्रमुख के वायु सहायक और वायुसेना मुख्यालय में वायुसेना संचालन (आक्रमण) के प्रमुख सहायक के रूपमें भी कार्यरत रहे हैं। एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा 'विशिष्ट सेवा पदक' और 'अति विशिष्ट सेवा पदक' से सम्मानित किए जा चुके हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]