स्वतंत्र आवाज़
word map

सेनाध्यक्ष का उत्तरी बंगाल एवं सिक्किम दौरा

सीमावर्ती क्षेत्रों के सैन्य स्टेशनों पर सैनिकों संग दीपावली मनाई

सैनिकों की सैन्य अभियानगत दक्षता और मनोबल की सराहना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 25 October 2022 12:33:11 PM

diwali celebrated with soldiers at military stations in border areas

गंगटोक। भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने 23 और 24 अक्टूबर को उत्तरी बंगाल और सिक्किम के सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य स्टेशनों का दौरा किया। उन्होंने दीपावली पर सभी सैनिकों को बधाई दी, उनके साथ मिठाइयां बांटी और उनका उत्साहवर्धन करते हुए देशसेवा केप्रति उनके अनुकरणीय समर्पण की सराहना की। सेना प्रमुख ने जवानों को उनके पेशेवराना अंदाज और कर्तव्य केप्रति समर्पण केलिए बधाई दी। उन्होंने सिक्किम की उत्तरी सीमाओं पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने उच्चस्तर की सैन्य अभियानगत दक्षता और मनोबल बनाए रखने केलिए सैनिकों की सराहना की। सेना प्रमुख ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास की गति पर संतोष व्यक्त किया। सेना प्रमुख ने 23 अक्टूबर को सुकना मिलिट्री स्टेशन पर हुए कार्यक्रम में भारत की सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता पर सैनिकों की प्रस्तुतियां देखीं। सेना प्रमुख ने आर्मी कमांडर और जनरल ऑफिसर कमांडिंग केसाथ 24 अक्टूबर को उत्तर और पूर्वी सिक्किम में अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया।
सेना प्रमुख ने सिक्किम सेक्टर में उत्तरी सीमाओं पर तैनात फील्ड संरचनाओं की सैन्य अभियानगत स्थिति और तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और सैनिकों का सभी प्रकार की चुनौतियों केलिए तैयार रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर सेना प्रमुख ने माउंट जोनसांग और माउंट डोमखांग के शिखर पर पहुंचने वाली पर्वतारोहण टीम की और हालही में महू में स्किल एट आर्म्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन केलिए त्रिशक्ति कोर की शूटिंग टीम की प्रशंसा की। इस मौके पर पूर्वी कमान के सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता और त्रिशक्ति कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल तरुण कुमार आइच भी मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]