स्वतंत्र आवाज़
word map

उपराष्ट्रपति ने देश केलिए खतरों केप्रति चेताया

स्वतंत्रता सेनानी दामाराजू पुंडरीकाक्षुडु पर पुस्तक विमोचन किया

'राष्ट्र के हितों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 16 July 2022 11:40:50 AM

venkaiah naidu releasing a book on freedom fighter damaraju pundarikakshudu

विजयवाड़ा। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु ने उन ताकतों और निहित स्वार्थों केप्रति आगाह किया है, जो एक विभाजनकारी एजेंडे के माध्यम से देश की शांति और अखंडता केलिए खतरा हैं। इस बात पर जोर देते हुए कि ‘किसी संस्कृति, धर्म या भाषा को नीचा दिखाना भारतीय संस्कृति नहीं है’ उन्होंने प्रत्येक नागरिक का भारत को कमजोर करने के प्रयासों को विफल करने और एकजुट होकर राष्ट्र के हितों की रक्षा करने की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उपराष्ट्रपति ने इस बात को रेखांकित कियाकि भारत के सभ्यतागत मूल्य सभी संस्कृतियों केप्रति सम्मान और सहिष्णुता सिखाते हैं और छिटपुट घटनाएं भारत के धर्मनिरपेक्ष लोकाचार को कमजोर नहीं कर सकती हैं। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि खराब करने के प्रयासों की निंदा करते हुए उन्होंने दोहरायाकि भारत का संसदीय लोकतंत्र और बहुलवादी मूल्य दुनिया केलिए अनुकरणीय मॉडल हैं।
स्वतंत्रता सेनानी और पत्रकार दामाराजू पुंडरीकाक्षुडु की जीवन यात्रा पर विजयवाड़ा में पुस्तक विमोचन करते हुए वेंकैया नायडु ने कहाकि आजादी का अमृत महोत्सव हमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के अनेक बलिदानों को याद करने का अवसर देता है। उपराष्ट्रपति ने पुस्तक के शोध और संकलन में लेखक येल्लाप्रगदा मल्लिकार्जुन राव के प्रयासों की सराहना की। गीत और नाटक के माध्यम से गांधीजी के योगदान को लोकप्रिय बनाने में दामाराजू के अतिशय प्रयासों की चर्चा करते हुए उन्होंने मीडिया हाउस से विशेष कार्यक्रमों और लेखों की श्रृंखला के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के प्रयासों को उजागर करने का आह्वान किया, ताकि युवा पीढ़ी को हमारे नेताओं के जीवन की शिक्षाओं से अवगत कराया जा सके। उपराष्ट्रपति ने युवाओं का गरीबी, निरक्षरता, सामाजिक भेदभाव और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार से मुक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रयास करने का भी आह्वान किया, क्योंकि यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।
उपराष्ट्रपति ने याद दिलायाकि समाज में विभाजन-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों केबीच, सामाजिक वर्गों और लिंगों केबीच अंततः देश को कमजोर करता है। वेंकैया नायडु ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्षेत्र के नेताओं के विभिन्न प्रयासों को याद करते हुए हाल ही में आंध्र प्रदेश के भीमावरम में महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की प्रतिमा का अनावरण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने स्वर्ण भारत ट्रस्ट विजयवाड़ा में विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र भी वितरित किए। उन्होंने उनके चयनित विषय में कड़ी मेहनत करने और सफलता प्राप्त करने केलिए उन्हें प्रोत्साहित किया। आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री कामिनेनी श्रीनिवास, पुस्तक के लेखक येल्लाप्रगदा मल्लिकार्जुन राव, स्वर्ण भारत ट्रस्ट के प्रबंधन और छात्रों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]