स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रीय युवा महोत्सव के शुभंकर का अनावरण

पुद्दुचेरी में 12 से 16 जनवरी 2022 तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव

देशभर से युवा महोत्सव में भाग लेने केलिए पुद्दुचेरी आएंगे

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 6 January 2022 02:12:17 PM

logo and mascot of national youth festival 2022 in puducherry

पुद्दुचेरी। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और पुद्दुचेरी की उपराज्यपाल डॉ तमिलिसाई सौंदरराजन ने 12 से 16 जनवरी 2022 तक पुद्दुचेरी में होने वाले 25वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव के प्रतीक चिन्ह और शुभंकर का अनावरण किया। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहाकि पुद्दुचेरी को राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2022 केलिए एक स्थल के रूपमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुना था, प्रधानमंत्री के युवा महोत्सव का उद्घाटन करने और युवाओं को संबोधित करने की आशा है। अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव, सक्षम युवा सशक्त युवा की टैगलाइन का भी अनावरण किया, जिसका अर्थ है-सक्षम युवा-सशक्त युवा, सक्षम युवा-सुदृढ़ युवा। उन्होंने कहाकि भारत को 21वीं सदी में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है, जिसकी वजह से पूरी दुनिया आज हमारी तरफ देख रही है, देश के युवा हमारी प्रमुख शक्ति है और राष्ट्र निर्माण में इनकी सबसे विस्तृत तथा सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहाकि हमें इस तथ्य पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए कि भारत को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में से एक और अन्य क्षेत्रों में वैश्विक शक्ति बनाने केलिए अपनी युवा शक्ति को कैसे व्यवस्थित किया जाए या कैसे उसका उपयोग किया जाए। उन्होंने कहाकि अब सूचना प्रौद्योगिकी से लेकर स्टार्ट-अप तक भारत की सॉफ्ट पावर दिखाने का समय आ गया है, जिसमें हमने बहुत शानदार काम किया है। उन्होंने कहाकि देशभर से युवा महोत्सव में भाग लेने केलिए पुद्दुचेरी आएंगे और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश के युवा अरबिंदो के जीवन से सीख प्राप्त करेंगे, जो एक महान कवि, देशभक्त, दार्शनिक तथा एक महान योग गुरु भी थे। युवाओं केलिए कवि सुब्रमण्यम भारती और स्वामी विवेकानंद भी आदर्श हैं, जिनसे युवा प्रेरणा पाते हैं। खेल मंत्री ने कहाकि हम चाहते हैं कि स्थानीय लोग उत्साह के साथ इस उत्सव में भाग लें, क्योंकि आजादी का अमृत महोत्सव के पीछे का मुख्य विचार जनभागीदारी ही है। युवा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बतायाकि यह महोत्सव हमें भारत की सांस्कृतिक विरासत के दर्शन कराएगा।
खेल मंत्री ने कहाकि यह महोत्सव पुद्दुचेरी की सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने का भी एक शानदार अवसर है, यह उत्सव असाधारण सांस्कृतिक प्रस्तुति देगा, इससे पूर्वोत्तर, हिमालय तथा कच्छ के दूर-दराज के क्षेत्रों के युवाओं को एक्सपोजर मिलेगा। इसके पहले अनुराग ठाकुर ने युवा महोत्सव केलिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। गौरतलब हैकि स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को मनाने के क्रम में भारत सरकार हर साल किसी एक राज्य के सहयोग से राष्ट्रीय युवा महोत्सव का 12 से 16 जनवरी तक आयोजन किया जाता है। एनवाईएफ का मूल उद्देश्य देश के युवाओं को एक साथ लाना है, ताकि वे जीवन के लगभग सभी सामाजिक-सांस्कृतिक पहलुओं से सम्बंधित विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखा सकें। महोत्सव शौकिया युवा कलाकारों को खुद को व्यक्त करने और साथी कलाकारों के साथ बातचीत करने तथा कलाकारों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों से नए कला रूपों को सीखने का अवसर प्रदान करता है। पुद्दुचेरी विधानसभा के अध्यक्ष आर सेल्वम, पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी, शिक्षामंत्री ए नामासिवायम भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]