स्वतंत्र आवाज़
word map

'दिल्ली हॉकी वीकेंड लीग' शुरू हुई

प्रतियोगिताओं से एथलीटों का मनोबल बढ़ता है-खेल मंत्री

'टोक्यो ओलंपिक सफलता से हॉकी खेल को नवजीवन मिला'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 10 October 2021 04:14:42 PM

'delhi hockey weekend league' begins

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में होने वाली 'दिल्ली हॉकी वीकेंड लीग 2021-22' की शुरुआत कर दी है। अनुराग सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि टोक्यो ओलंपिक में पुरुष और महिला टीमों की सफलता ने भारत में हॉकी को एक खेल के रूपमें नवजीवन दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और वह दिल्ली हॉकी को इस पहल केलिए बधाई देते हैं, इस तरह की पहल जमीनी स्तर पर अधिक प्रतिभाओं को शामिल करने में मदद करेगी। उन्‍होंने कहा कि हमारा लक्ष्य विश्‍वस्‍तरीय उत्कृष्टता केलिए जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को प्रोत्‍साहन देना है।
खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रशिक्षण और प्रतियोगिताएं समान रूपसे महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये एथलीटों के मनोबल को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक राज्य इस तरह के आयोजन करें, ताकि हॉकी को बढ़ावा दिया जा सके और युवा प्रतिभाओं को अपने कौशल को और निखारने का अवसर मिले। दिल्ली हॉकी महासंघ के सहयोग से भारतीय खेल प्राधिकरण की इस हॉकी लीग में ट्रॉफी केलिए प्रतिस्पर्धा करने वाली कुल 36 टीमें होंगी और बाद के चरणों में अधिक टीमें भी भाग ले सकती हैं। प्रतिस्‍पर्धा में प्रत्‍येक सप्‍ताहांत पर 4 मैच खेले जाएंगे। लीग का पहला मैच दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज और फेथ क्लब (एक स्वतंत्र हॉकी क्लब) के बीच खेला गया। लीग के शुभारंभ समारोह में पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी और पद्मश्री जफर इकबाल, हॉकी विश्वकप (1975) के स्वर्ण पदक विजेता ब्रिगेडियर एचजेएस चिमनी और पूर्व भारतीय हॉकी गोलकीपर एवं अर्जुन पुरस्‍कार प्राप्‍तकर्ता हेलेन मैरी इनोसेंट ने विशेष अतिथि के रूपमें भाग लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]