स्वतंत्र आवाज़
word map

तटरक्षक बल ने ज़ब्त किया समुद्री खीरा

जब्त समुद्री खीरे की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई

चीन एवं दक्षिण पूर्व एशिया में समुद्री खीरे की अत्यधिक मांग

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 September 2021 01:44:46 PM

sea cucumber seized by coast guard

चेन्नई। तमिलनाडु के मंडपम में भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने तेज़ी से संचालित किए गए एक अभियान में दो टन समुद्री खीरा, जो एक प्रतिबंधित समुद्री प्रजाति है को जब्त किया है। समुद्री खीरे के अवैध ट्रांसशिपमेंट के बारे में एक गुप्त सूचना पर आईसीजी टीम हरकत में आई और संभावित तस्करी में शामिल संदिग्ध नाव को ट्रैक किया। समुद्री मार्ग से भागने की संभावना को रोकने केलिए मन्नार की खाड़ी और पाक खाड़ी क्षेत्रों में आईसीजी टीमों को तैनात किया गया था, इसके बाद नाव को मंडपम के दक्षिण में वेदालाई से लगभग 15 किलोमीटर दूर चालक दल के बिना लगा हुआ पाया गया और तटरक्षक टीम इसपर सवार हुई। भारत में समुद्री खीरे को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की अनुसूची के तहत सूचीबद्ध एक लुप्तप्राय प्रजाति के रूपमें माना जाता है। मुख्य रूपसे इसकी तस्करी रामनाथपुरम और तूतीकोरिन जिलों से मछली पकड़ने के जहाजों में तमिलनाडु से श्रीलंका तक की जाती है।
भारतीय तटरक्षक बल होवरक्राफ्ट एच-183 की बोर्डिंग टीम ने 2000 किलो वजनी समुद्री खीरे के 200 बोरे बरामद किए। जब्त समुद्री खीरे के साथ नाव को तमिलनाडु के रामेश्वरम के पास मंडपम लाया गया और वन अधिकारियों को सौंप दिया गया। जब्त समुद्री खीरे की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच से पता चला कि इस खेप को रात के अंधेरे में अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पार ट्रांसशिपमेंट केलिए ले जाए जाने की योजना बनाई गई थी। चीन और दक्षिण पूर्व एशिया में समुद्री खीरे की अत्यधिक मांग है। गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई महीने में मंडपम में ही तटरक्षक ने लगभग 1200 किलोग्राम समुद्री खीरा जब्त करने के साथ दो लोगों को भी गिरफ्तार किया था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]