स्वतंत्र आवाज़
word map

नीरज चोपड़ा के गोल्ड पर झूमा हिंदुस्तान!

टोक्यो में जैवलीन थ्रो में भारत को पहला स्वर्ण पदक मिला

राष्ट्रपति प्रधानमंत्री लोकसभाध्यक्ष एवं खेलमंत्री की बधाई!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 August 2021 06:27:42 PM

neeraj chopra wins gold for india at tokyo 2020

टोक्यो/ नई दिल्ली। भारतीय सेना के सैनिक नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलम्पिक-2020 में जैवलीन थ्रो में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिला दिया है, जिसपर सेना से लेकर देशभर में जश्न शुरु हो गया है। दुनिया का कोई भी खिलाड़ी जैवलीन थ्रो में हरियाणा के इस खिलाड़ी के जैसा भाला नहीं फेंक पाया। नीरज ने 87.58 मीटर का थ्रो किया है। सारा देश नीरज चोपड़ा की इस महान उपलब्धि से झूम रहा है। टोक्यो ओलम्पिक में नीरज चोपड़ा गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं। नीरज चोपड़ा हरियाणा राज्य के पानीपत के रहने वाले हैं, जहां जश्न की कोई सीमा नहीं है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नीरज चोपड़ा को छह करोड़ रुपये, नौकरी और एक प्लॉट देने की घोषणा की है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, खेलमंत्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नीरज चोपड़ा को उनके गोल्ड जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा से फोन पर बात करते हुए उन्हें बधाई दी, साथ ही प्रधानमंत्री ने नीरज के माता-पिता को भी बधाई दी। टोक्यो ओलम्पिक में भारत को अबतक इस समय सात पदक मिल चुके हैं। स्वर्ण पदक केवल एक है।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल पर कहा-अद्भुत प्रदर्शन! उन्होंने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक की भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा को हार्दिक बधाई। उपराष्ट्रपति ने नीरज को बधाई में कहा कि आपने ट्रैक एंड फील्ड खेलों में पहला स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवांवित किया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज नीरज चोपड़ा की सफलता पर गर्व कर रहा है, भावी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि ऐतिहासिक! लठ गाड़ दिया छोरे ने। उन्होंने नीरज को शानदार प्रदर्शन के साथ विश्व के सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों को पछाड़ते हुए भाला फेंक प्रतियोगिता में भारत को पहली बार स्वर्ण पदक जिताने के लिए ढेर सारी बधाईयां दीं। उन्होंने कहा कि देश और हरियाणा को इस घड़ी का लंबे समय से इंतजार था। देश की उड़न परी के नाम से विख्यात पीटी उषा ने कहा है कि नीरज चोपड़ा ने 37 साल बाद आज मेरे अधूरे सपने को साकार किया है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई में कहा है कि उन्होंने अपने परिश्रम और लगन से देश को जो सम्मान दिलाया है उस पर हर भारतीय को गर्व है, पूरा भारत इस असाधारण उपलब्धि से आनंदित है। उत्तर प्रदेश की भूतपूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा है कि एथलीट नीरज चोपड़ा को टोक्यो ओलम्पिक में गोल्ड मेडल जीतने की हार्दिक बधाई। उन्होंने 87.58 मीटर भाला फेंककर करीब 100 वर्ष बाद ओलम्पिक की एथलेटिक्स स्पर्धा में गोल्ड जीतकर जो इतिहास बनाया, वह हमेशा यादगार रहेगा, पूरा देश आज निश्चय ही खुशी व गौरव महसूस कर रहा है। रामायण सीरियल में भगवान श्रीराम का ऐतिहासिक किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने कहा है कि नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर देश के स्वाभिमान को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण देश को बधाई और नीरज चोपड़ा का हार्दिक अभिनंदन। उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जैवलिन थ्रो में गोल्ड हासिल करने वाले नीरज चोपड़ा को बधाई दी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]