स्वतंत्र आवाज़
word map

राजीव कुमार ने ईसी का पदभार संभाला

बैंकिंग वन व आईटी क्षेत्र के व्यापक अनुभवी हैं राजीव

चुनाव आयुक्त अशोक लवासा की जगह पदस्‍थापना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 1 September 2020 03:11:18 PM

rajeev kumar takes over as ec

नई दिल्ली। राजीव कुमार ने आज भारत के नए चुनाव आयुक्त (ईसी) का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा के साथ तीसरे चुनाव आयुक्त अशोक लवासा का स्‍थान लिया है, जो यहां अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद फिलीपींस की राजधानी मनीला में एशियाई विकास बैंक के उपाध्यक्ष हो गए हैं। राजीव कुमार 1984 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और 36 वर्ष से भी अधिक समय तक उन्होंने भारत सरकार, बिहार और झारखंड के विभिन्न मंत्रालयों में अपनी सेवाएं दी हैं। राजीव कुमार ने बीएससी, एलएलबी, पीजीडीएम और सार्वजनिक नीति में एमए की अकादमिक डिग्रि‍यांधारी हैं और उन्हें सामाजिक क्षेत्र, पर्यावरण एवं वन, मानव संसाधन, वित्त और बैंकिंग सेक्‍टर में व्यापक कार्य अनुभव है।
राजीव कुमार में प्रौद्योगिकी संबंधी एप्‍लीकेशंस का उपयोग करने और अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने, नागरिकों को सीधे सेवाएं मुहैया कराने एवं बिचौलियों को समाप्त करने के लिए मौजूदा नीतिगत व्‍यवस्‍था में संशोधन करने या बदलाव लाने की गहरी प्रतिबद्धता और दक्षता है। राजीव कुमार फरवरी 2020 में भारत सरकार के वित्त सचिव के रूपमें सेवानिवृत्त हुए थे, इसके बाद उन्हें अप्रैल 2020 से सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था। वह 31 अगस्त 2020 तक इस पद पर रहे। राजीव कुमार 2015-17 के दौरान कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में स्थापना अधिकारी और इससे पहले व्यय विभाग में संयुक्त सचिव रहे हैं। राजीव कुमार एक शौकीन ट्रैकर भी हैं और वह भारतीय शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत में गहरी रुचि रखते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]