स्वतंत्र आवाज़
word map

इसबार हज करने नहीं जा सकेंगे भारतीय

सऊदी अरब सरकार की मनाही पर लिया गया फैसला

महिलाओं के बिन मेहरम हज के लिए आवेदन बढ़े

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 23 June 2020 02:30:37 PM

haj

नई दिल्ली। हज के लिए भारतीय मुसलमान सऊदी अरब नहीं जाएंगे। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया है कि सऊदी अरब सरकार के निर्णय का सम्मान करते और कोरोना हालात के मद्देनज़र लोगों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला किया गया है। मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ मुहम्मद सालेह बिन ताहेर बेंतेन ने फोन पर कोरोना महामारी के चलते इस बार हज (1441 H/ 2020 AD) में भारत से जाने वाले हज यात्रियों को ना भेजने का सुझाव दिया था, जिसे मान लिया गया है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कोरोना की गंभीर चुनौतियों से पूरी दुनिया प्रभावित है, जिसका सऊदी अरब में भी असर देखा जा रहा है।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ने कहा कि हज 2020 के लिए 2 लाख 13 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, सभी आवेदकों का जमा कराया गया पूरा पैसा बिना किसी कटौती के तत्काल वापस किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, यह पैसा ऑनलाइन डीबीटी के जरिये आवेदकों के खाते में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी 2300 से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने बिना मेहरम के हज पर जाने के लिए आवेदन किया था, इन महिलाओं को हज 2021 में इसी आवेदन के आधार पर हज यात्रा पर भेजा जाएगा, साथ ही अगले वर्ष भी जो महिलाएं बिना मेहरम हज यात्रा हेतु नया आवेदन करेंगी, उनको भी हज यात्रा पर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि बिन मेहरम हज यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि 2019 में 2 लाख भारतीय मुसलमान हज यात्रा पर गए थे, जिनमें 50 प्रतिशत महिलाएं शामिल थीं, इसके अतिरिक्त सरकार के अंतर्गत 2018 में शुरू की गई बिना मेहरम महिलाओं को हज पर जाने की प्रक्रिया के तहत अब तक बिना मेहरम के हज पर जाने वाली महिलाओं की संख्या 3,040 हो चुकी है। कल देर रात सऊदी अरब हज एवं उमराह मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि वैश्विक कोरोना महामारी के चलते धार्मिक स्थलों पर भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय लिया गया है कि विभिन्न देशों के जो लोग इस समय सऊदी अरब में रह रहे हैं उन्हीं को बहुत सीमित संख्या में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए हज की अनुमति दी जाएगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]