स्वतंत्र आवाज़
word map

विज्ञान की विशेष रेलगाड़ी मंगलवार को रवाना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 07 April 2013 10:43:18 AM

science express

नई दिल्‍ली। आम जनता और युवा वर्ग को खासतौर से भारत की अद्भुत जैवविविधता के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से पर्यावरण और वन मंत्रालय ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और भारतीय रेलवे के सहयोग से पिछले वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष रेलगाड़ी चलाई थी। विज्ञान एक्सप्रेस जैवविविधता विशेष रेलगाड़ी 5 जून 2012 को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू की गई थी। भारत की जैवविविधता को दिखाने वाली यह अनोखी प्रदर्शनी थी। यह रेलगाड़ी मंगलवार 9 अप्रैल, 2013 से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से ही फिर शुरू की जा रही है।
यह रेलगाड़ी प्रगति मैदान रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होगी और वहां 10-13 अप्रैल तक रहेगी। दर्शकों के लिए यह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। रेलगाड़ी प्रदर्शनी का कोई टिकट नहीं रखा गया है, इसलिए यह निशुल्क देखी जा सकेगी। स्कूल 09428405407/8 पर काल करके या sciencexpress@gmail.com पर ईमेल भेजकर प्रदर्शनी और जॉय ऑफ साइंस लैब में देखने का समय निर्धारित कर सकते हैं। अत्यधिक प्रशिक्षित एवं प्रेरित विज्ञान के 40 स्नातक युवकों की एक टीम बनाई गई है, जो पूरी यात्रा के दौरान रेलगाड़ी में मौजूद रहेंगे।
यहां के बाद यह रेलगाड़ी देश के 60 स्टेशनों पर रुकेगी। अंत में 28 अक्तूबर, 2013 को गांधीनगर पहुंचेगी। रेलगाड़ी का पहला चरण 22 दिसंबर 2012 को अहमदाबाद में समाप्त हुआ था। वह रेलगाड़ी 51 स्टेशनों पर रुकी थी और उसे 23 लाख से अधिक लोगों ने देखा था। इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंती नटराजन, केंद्रीय रेल मंत्री पवन कुमार बंसल, केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जयपाल रेड्डी तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के उपस्थित होने की उम्मीद है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]