स्वतंत्र आवाज़
word map

देवी पाटन शक्ति पीठ एक परम विश्वास!

महादेव व सती के पति प्रेम का स्वरूप है देवी पाटन पीठ

पीठ के विकास में योगी आदित्यनाथ की गहरी दिलचस्पी

Tuesday 02 April 2013 09:52:26 AM

दिनेश शर्मा

दिनेश शर्मा

devi patan mandir

तुलसीपुर (बलरामपुर)। उत्तर प्रदेश में भारत और नेपाल की सीमा पर बसा बलरामपुर जनपद का यह भाग आध्यात्मिक शक्ति और तपोभूमि के रूप में विश्व‌विख्यात है। तुलसीपुर नगर से दो किलोमीटर दूर सिरिया नाले के पूर्वी तट पर स्थित सिद्ध शक्तिपीठ माँ पाटेश्वरी देवी का मंदिर युगों से कष्टों के निवारण और मनोकामनाओं की पूर्ति का एक परम विश्वास है। विशेष रूप से यहां नवरात्र पर जनसैलाब उमड़ता है और आराध्य माँ पाटेश्वरी देवी की शरण पाकर अपने को संसार के सारे दुखों से मुक्त पाता है। देवी पाटन शक्ति पीठ की महिमा का बखान शब्दों में संभव नहीं है और धन्य हैं वो, जिन्होंने इस पावनधाम को इतनी भव्यता और अलौकिक स्वरूप प्रदान कर इसे आत्मशांति का मार्ग बना दिया है। श्रद्धालुओं का यहां से घर जाने को मन ही नहीं करता। यह शक्तिपीठ देशभर में फैली 51 शक्तिपीठों में प्रमुख रूप से पूज्य स्थान है। यह शिव और सती के प्रेम का प्रतीक स्वरूप है।
लोक कथा के अनुसार पिता दक्ष प्रजापति के यज्ञ में पति महादेव की उपेक्षा से क्रोधित सती ने अपने प्राण त्याग दिए। देवाधिदेव शिव ने इससे क्षुब्ध महाराज दक्ष के यज्ञ को नष्ट कर दिया और सती के शव को अपने कंधे पर रखकर तीनों लोक में निकल पड़े, जिससे संसार चक्र में व्यवधान उत्पन्न हो गया। भगवान विष्णु ने तब उपाय स्वरूप सुदर्शन चक्र से सती के विभिन्न अंगों को काट-काटकर भिन्न-भिन्न स्थानों पर गिरा दिया। पृथ्वी पर जहां-जहां सती के अंग गिरे, वहां-वहां वे स्‍थान सिद्ध और परम गति को प्राप्त हुए, जिनको आज शक्तिपीठ कहा जाता है। इन्हीं में यह माँ देवीपाटन एक पवित्रधाम है, जहां हर कोई अपने दुख-दर्द मनोकामनाओं और माँ के दर्शन के लिए यहां आता है।
मान्यता है कि यहां वाम स्कंध सहित सती देवी का पाटंबर गिरा था, इसलिए यह स्थान देवीपाटन के नाम से प्रसिद्ध है। कालांतर में आदिनाथ भगवान शिव की आज्ञा से शिवावतार महायोगी गुरू गोरक्षनाथ ने यहां देवी की पूजा अर्चना के लिए एक मठ का निर्माण कराया और स्वयं काफी समय तक पूजा करते हुए साधना रत रहे। इस प्रकार यह स्थान एक सिद्ध शक्तिपीठ होने के साथ-साथ सिद्ध योगपीठ भी कहलाता है। देवी भागवत, स्कंद और कालिका आदि पुराणों तथा शिव चरित्र आदि तांत्रिक ग्रंथों में विभिन्न शक्तिपीठों, उपपीठों का वर्णन मिलता है। यह संख्या 52 या 53 भी हो जाती है। चूंकि यहां सती का वामस्कंध सहित पाटंबर गिरा था, इसीलिए इसका नाम और बड़ा महत्व है। इनके नाम पर बसा पत्तन (पाटन नगर) देवी शक्ति पाटन पीठ के नाम से जाना गया है।
देवीपाटन की देवी का एक और भी प्रसिद्ध नाम इतिवृत्त पातालेश्वरी देवी के रूप में प्राप्त होता है। कहते हैं कि अयोध्या की महारानी सीताजी लोकापवाद से खिन्न होकर अंततः यहीं पर धरती माता की गोद में बैठकर पाताल में समा गईं थीं। इसी पातालगामी सुरंग के ऊपर देवीपाटन पातालेश्वरी देवी का मंदिर बना हुआ है। यह भी प्रसिद्ध है कि यह दिव्य क्षेत्र दशावतारों में छठें परशुरामजी की तपोभूमि है तथा यहीं उनसे महाभारत कथा के एक नायक सूर्यपुत्र कर्ण ने धनुर्वेद की शिक्षा ली थी। यहां सूर्यकुंड इस जनश्रुति की पुष्टि करता है, जिसमें श्रद्धा विश्वास से स्नान कर देवी का दर्शन करने वालों का चर्म रोग दूर होता है। यहां कर्ण की एक प्राचीन प्रतिमा भी विद्यमान है।
देवीपाटन का मंदिर सबसे पहले कब बना था और किसने बनवाया था? तंत्रग्रंथों में उल्लेख मिलता हैकि यह महायोगी गोरक्षनाथजी, भगवती सीता, भगवान परशुराम एवं दानवीर कर्ण की स्मृतियों से जुड़ा होने के कारण एक अत्यंत विश्वसनीय और प्राचीन स्थान है। एक शिलालेख के अनुसार यहां प्रथम मंदिर निर्माण का श्रेय गुरु गोरक्षनाथजी को है, वहीं एक जनश्रुति के अनुसार प्रसिद्ध भारतीय सम्राट वीर विक्रमादित्य ने इसका जीर्णोद्धार कराया था। विधर्मियों के आक्रमण एवं प्रभावकाल में अन्य हिंदू धर्मस्थलों की तरह इस मंदिर को भी तोड़ने के कई प्रयास हुए थे, मगर श्रद्धालु जनता के प्रतिरोध के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। यहां तक कि मंदिर तोड़ने आए मुस्लिम सिपहसालार मीर समर को यहां अपनी जान भी गंवानी पड़ी, जिसकी कब्र मंदिर के बाहरी परिसर में ही बनी है। शक्ति पूजा एवं योग साधना का यह जाग्रत स्थान व्यवस्था कालक्रम की दृष्टि से अनेक हाथों से होता हुआ भारत की स्वतंत्रता के बाद अखिल भारतवर्षीय अवधूत भेष बारह पंथ योगी महासभा के श्रीगोरक्षनाथ मंदिर के संरक्षकत्व में महंत दिग्विजयनाथ महाराज के हाथों में आया। तब से इसमें निरंतर काफी सुधार, निर्माण एवं विस्तार भी हुआ है जो अब भी जारी है।
अभी कुछ वर्ष पूर्व ब्रह्मलीन हुए महंत महेंद्रनाथ ने मंदिर और संपूर्ण परिसर के सुंदरीकरण, आधुनिकीकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार आदि का सराहनीय कार्य किया था, जिससे इस स्थान की महत्ता और लोकप्रियता में बहुत वृद्धि हुई और इस शक्तिपीठ के इतिहास एवं महात्म्य को जानने के लिए लोगों में जिज्ञासा और उत्सुकता भी बढ़ी है। महंत मिथलेशनाथ इस समय इस शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर हैं जो इसके विकास, निर्माण एवं सुंदरीकरण के उपयोगी कार्यक्रम को पूर्ववत जारी रखकर इसे भव्यता और विस्तार प्रदान कर रहे हैं। पाटेश्वरी देवीपाटन शक्तिपीठ की आध्यात्मिक शक्ति और उसके सामाजिक दायित्वों के बारे में भी काफी कुछ सुना जाता है, जिनमें योगी आदित्यनाथ एक विजन के साथ गहरी दिलचस्पी लेते हैं, जिससे यहां काफी दर्शनीय विकास हुआ है और हो रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]