स्वतंत्र आवाज़
word map

प्रधानमंत्री से मिले जापान के विदेश व रक्षामंत्री

भारत-जापान विदेश और रक्षामंत्री संवाद बैठक में लेंगे हिस्सा

'द्विपक्षीय रणनीति सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को और मजबूती'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 30 November 2019 04:31:49 PM

foreign and defense minister of japan met the prime minister narendra modi

नई दिल्ली। भारत-जापान विदेश और रक्षामंत्री संवाद बैठक में शामिल होने के लिए भारत दौरे पर आए जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षामंत्री तारो कोनो ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने दोनों मंत्रियों का स्वागत किया और अक्टूबर 2018 में जापान में 13वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान स्वयं और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे द्वारा निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में दोनों पक्षों के सक्षम होने पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बताया कि यह बैठक भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय रणनीति, सुरक्षा और रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के लोगों, क्षेत्र और पूरी दुनिया के लाभ के लिए भारत-जापान संबंधों के सर्वांगीण विकास के महत्व पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच नियमित तौरपर उच्चस्तरीय विनिमय रिश्ते की गहराई और ताकत का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे और प्रधानमंत्री शिंजो अबे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर बहुत जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि वे अगले महीने भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री शिंजो अबे का भारत में स्वागत करने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जापान के साथ भारत का संबंध भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि का एक प्रमुख घटक है और इसके साथ ही भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी की आधारशिला भी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]