स्वतंत्र आवाज़
word map

नरेंद्र मोदी की श्रीलंका के राष्ट्रपति को बधाई!

गोटाबाया राजपक्षे को भारत की यात्रा का भी निमंत्रण दिया

राजपक्षे की भारत के साथ मिलकर काम करने की इच्छा!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 November 2019 03:14:56 PM

sri lanka's new president gotabaya rajapaksa

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव में गोटाबाया राजपक्षे को राष्‍ट्रपति के चुनाव में हुई उनकी जीत के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए उन्हें टेलीफोन किया। श्रीलंका के नए राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को चीन का प्रशंसक और समर्थक माना जाता है, जिससे लगता है कि उनका चीन की तरफ ज्यादा झुकाव होगा, किंतु यह भी एक तथ्य है कि देश को चलाने के लिए कूटनीतिक संतुलन की भी आवश्यकता होती है और वैसे भी भारत और श्रीलंका में मैत्रिपूर्ण और विश्वास के संबंध हैं, जिनकी श्रीलंका के नए राष्ट्रपति के लिए अनदेखी करना आसान नहीं होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की जनता और अपनी ओर से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके कुशल नेतृत्व में श्रीलंका के लोग और भी ज्यादा शांति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे तथा भारत और श्रीलंका के बीच बंधुत्‍व, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सभ्‍यता संबंधी संबंध और भी अधिक मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री ने इन विषयों पर श्रीलंका की सरकार के साथ लगातार काम करने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया है। श्रीलंका के नए राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और उन्होंने विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने की भी इच्छा और तत्परता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने गोटाबाया राजपक्षे को अपनी सुविधानुसार जल्‍दी ही भारत की यात्रा करने का भी निमंत्रण दिया, जिसे गोटाबाया राजपक्षे ने स्वीकार किया।
गोटाबाया राजपक्षे ने श्रीलंका के राष्ट्रपति चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी साजित प्रेमदासा को बड़े अंतर से हराया है। साजित प्रेमदासा ने चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। गोटाबाया राजपक्षे को देश के ज्यादातर सिंहली बहुल इलाकों का समर्थन मिला है, जबकि साजित प्रेमदासा श्रीलंका के पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों में रहने वाले अल्पसंख्यक तमिल समुदाय के बीच लोकप्रिय पाए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे की जीत पर उनको ट्वीट भी किया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में आपकी जीत पर बधाई, मैं दोनों देशों और नागरिकों के बीच घनिष्ठ और भ्रातृ संबंधों को गहरा करने के लिए शांति, समृद्धि और साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा के लिए आपके साथ मिलकर काम करने की आशा करता हूं, मैं श्रीलंका के लोगों को चुनाव के सफल आयोजन के लिए भी बधाई देता हूं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]