स्वतंत्र आवाज़
word map

विजय दिवस पर मास्को जाएंगे नरेंद्र मोदी

ब्रासीलिया में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में मिले मोदी-पुतिन

रक्षा और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग पर संतोष जताया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 15 November 2019 02:27:18 PM

pm narendra modi and president vladimir putin

ब्रासीलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 11वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर ब्रासीलिया में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात हुई। इस साल दोनों नेताओं की यह चौथी मुलाकात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की व्लादिवोस्तोक यात्रा के बाद से दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ने रक्षामंत्री और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री की रूस की सफल यात्राओं का विशेष रूपसे उल्लेख किया और इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार का 25 अरब डॉलर का लक्ष्य पहले ही हासिल किया जा चुका है। उन्होंने फैसला किया कि क्षेत्रीय स्‍तरपर व्यापार की बाधाओं को दूर करने के लिए रूसी प्रांतों और भारतीय राज्यों के स्तरपर अगले साल एक द्विपक्षीय क्षेत्रीय मंच का आयोजन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तेल और प्राकृतिक गैस के आयात में स्थिरता और प्रगति का उल्लेख किया। राष्ट्रपति पुतिन ने प्राकृतिक गैस में आर्कटिक क्षेत्र की क्षमता पर प्रकाश डाला और भारत को इस क्षेत्र में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। दोनों ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में खासकर नागपुर-सिकंदराबाद रेललाइन की गति बढ़ाने के संदर्भ में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रक्षा क्षेत्र और असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने तीसरे देशों में असैन्‍य परमाणु ऊर्जा में सहयोग की संभावनाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान विचार रखते हैं और भविष्य में भी परामर्श जारी रखा जाएगा। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल विजय दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मास्को आने का निमंत्रण दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]