स्वतंत्र आवाज़
word map

आयुर्वेद के विकास पर काम करेंगे भारत-ब्रिटेन

राष्ट्रपति भवन प्रांगण में प्रिंस चार्ल्स ने चंपा का पौधा लगाया

ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स ने की राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भेंट

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 14 November 2019 01:39:58 PM

president thanked the prince of wales for his support for ayurveda research

नई दिल्ली। ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स प्रिंस चार्ल्स ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भेंट की। राष्ट्रपति ने भारत में प्रिंस चार्ल्स का स्वागत करते हुए उन्हें राष्ट्रमंडल देशों का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत राष्ट्रमंडल को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रसमूह के रूपमें देखता है, जो छोटे द्विपीय देशों सहित दुनिया के कई देशों की चिंताओं को वैश्विक मंच पर उठाने और उनका समाधान करने का सशक्त माध्यम है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि कानून की व्यवस्था और बहुसंस्कृति वाले समाज के प्रति सम्मान, ऐतिहासिक संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से बंधे भारत-ब्रिटेन एक स्वाभाविक सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के दो श्रेष्ठ लोकतंत्र होने के नाते दोनों देश वर्तमान में दुनिया के समक्ष मौजूद चुनौतियों से प्रभावी ढंग से मिलकर निपट सकते हैं। प्रिंस चार्ल्स ने राष्ट्रपति भवन प्रांगण में औषधीय पौधों के बगीचे में एक चंपा का पौधा भी लगाया। गौरतलब है कि चंपा के फूलों का इस्तेमाल भारतीय उपमहाद्वीप में आयुर्वेद में बड़े पैमाने पर किया जाता है।
प्रिंस ऑफ वेल्स प्रिंस चार्ल्स को राष्ट्रपति भवन के औषधीय पौधों के बगीचे में उगाए गए विभिन्न किस्म के औषधीय पौधों के बारे में भी जानकारी दी गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान में मदद के लिए प्रिंस चार्ल्स को धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि प्रिंस ऑफ वेल्स चैरिटेबल फाउंडेशन और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान ने अप्रैल 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिटेन यात्रा के दौरान एक समझौता किया था, जिसके अनुसार अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान तथा ब्रिटेन का कॉलेज ऑफ मेडिसिन, अवसाद और उससे जुड़ी बीमारियों पर क्लीनिकल अनुसंधान करेंगे। दोनों देश ब्रिटेन के स्वास्थ्य पेशेवरों के प्रशिक्षण के लिए ‘आयुर्योगा’ पर मानक संचालन प्रोटोकॉल विकसित करने का काम भी करेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]