स्वतंत्र आवाज़
word map

नए भारत को समर्पित देशभक्ति गीत 'वतन'

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जोश व नए रंग भरेगा-जावड़ेकर

गीत सृजन के लिए दूरदर्शन और प्रसार भारती को बधाई दी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 13 August 2019 01:48:53 PM

patriotic song 'watan' dedicated to new india

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज नई दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस 2019 के उपलक्ष्य में दूरदर्शन के निर्मित देशभक्ति गीत 'वतन' को जारी किया और कहा कि नए भारत को समर्पित इस गीत में केंद्र सरकार के कई अग्रणी कार्यक्रमों और पहलों के संबंध में जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि इसमें हाल ही में चंद्रयान-2 के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण के पीछे केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता एवं गीत में सशस्त्रबलों की वीरता और पराक्रम और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई है। प्रकाश जावड़ेकर ने गीत के सृजन के लिए दूरदर्शन और प्रसार भारती को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गीत इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में जोश को और ज्यादा बढ़ाएगा और नए रंग भरेगा।
देशभक्ति गीत 'वतन' को प्रसिद्ध बालीवुड गायक जावेद अली ने गाया है और गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखा है। इसका संगीत दुष्यंत ने दिया है। इस विशेष गीत का निर्माण दूरदर्शन और प्रसार भारती ने किया है। गीत का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी केंद्रो पर किया जाएगा। गीत के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के लिए इसे दूरदर्शन और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कापीराइट मुक्त रखा है। इससे सभी एफएम स्टेशन, मनोरंजन और न्यूज़ चैनल, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर इसका निःशुल्क प्रयोग किया जा सकेगा। गीत जारी करने पर प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ ए सूर्यप्रकाश, प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर, दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू, दूरदर्शन समाचार के महानिदेशक मंयक अग्रवाल, आकाशवाणी के महानिदेशक एफ शहरयार, सूचना और प्रसारण मंत्रालय तथा प्रसार भारती के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]