स्वतंत्र आवाज़
word map

देश सैनिकों का बलिदान कभी नहीं भूलेगा-रक्षामंत्री

'सैनिकों का पराक्रम और त्याग हर भारतवासी केलिए प्रेरणादायक'

कारगिल युद्ध में शहीद बहादुर सैनिकों को देशभर की श्रद्धांजलियां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 26 July 2019 03:33:35 PM

tribute to the martyred soldiers across the country in the kargil war

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में कारगिल विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रक्षामंत्री ने आगंतुक पुस्तिका में एक संदेश लिखा-‘भारत के सम्मान, प्रतिष्ठा एवं गर्व के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारगिल युद्ध के बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि। उनका पराक्रम और त्याग प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणादायक है। कारगिल विजय दिवस की 20वीं वर्षगांठ पर हम यह संकल्प लेते है कि कृतज्ञ राष्ट्र देश के सम्मान के लिए सर्वोच्च बलिदान करने वाले सैनिकों को कभी नहीं भूलेगा। रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक, उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल देवराज अंबू, नौसेना उपप्रमुख वाइस एडमिरल जी अशोक कुमार एवं वायुसेना उपप्रमुख एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने भी ऑपरेशन विजय के वीरों के साहस, पराक्रम एवं बलिदान के लिए उनके सम्मान में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्प अर्पित करके उन्हें सलाम किया।
ज्ञातव्य है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मई-जुलाई 1999 के दौरान पश्चिम में जोजिला से लेकर पूर्व में तूरतोक तक नियंत्रण रेखा के निकट सबसे दुर्गम क्षेत्र में कारगिल युद्ध हुआ था। पाकिस्तान ने अपने सैनिकों को भारत में घुसपैठ कराकर महत्वपूर्ण चोटियों पर कब्जा कर लिया था और राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा की अनदेखी करके भारत की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करके विवाद की पृष्ठभूमि तैयार की थी। भारतीय सेना के सैनिकों ने अदम्य साहस और सहनशीलता का प्रदर्शन करते हुए 12,000 फुट से अधिक ऊंचाइयों पर द्रास, काकसर, बटालिक और तूरतोक सेक्टरों में युद्ध किया और पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार भगाया। भारतीय सेना के तीनों अंगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान करते हुए सैन्य कार्रवाई में अनुकरणीय सहायता की थी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]