स्वतंत्र आवाज़
word map

कोदंड श्रीराम मूर्ति पर विशेष डाक आवरण जारी

मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय डाक विभाग के प्रयासों को सराहा

'विश्वभर में अयोध्या और भगवान श्रीराम का प्रसार होगा'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 8 June 2019 02:53:15 PM

special postal cover on kodand shriram murti

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या शोध संस्थान के संग्रहालय में कर्नाटकशैली की कोदंड श्रीराम मूर्ति का एक भव्य कार्यक्रम में अनावरण किया। इस अवसर को यादगार बनाने हेतु मुख्यमंत्री ने भारतीय डाक विभाग के अयोध्या शोध संस्थान और तुलसी स्मारक भवन पर एक स्पेशल कवर एवं कोदंड श्रीराम की मूर्ति के अंकन वाला विशेष विरूपण उत्तर प्रदेश के संस्कृति मंत्री लक्ष्मीनारायण, उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल विनय प्रकाश सिंह, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव और अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाईपी सिंह की उपस्थिति में जारी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय डाक विभाग के स्पेशल कवर एवं विशेष विरूपण की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम कण-कण एवं सभी के दिलों में वास करते हैं और भारतीय डाक विभाग के स्पेशल कवर के माध्यम से विश्वभर के श्रद्धालुओं की अयोध्या आने में रुचि पैदा होगी।
उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल विनय प्रकाश सिंह ने कहा कि, अयोध्या शोध संस्थान के संग्रहालय में कोदंड श्रीराम की सात फुट ऊंची प्रतिमा की स्थापना पर जारी यह विशेष आवरण न सिर्फ देश के भीतर, बल्कि वैश्विक स्तरपर भी सांस्कृतिक दूत का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि डाक टिकट और विशेष आवरण सदैव सांस्कृतिक राजदूत की भूमिका निभाते हैं, ऐसे में इस आवरण से पूरे विश्व में अयोध्या और भगवान श्रीराम से जुड़े सांस्कृतिक सम्बंधों का प्रसार होगा, यह दुनियाभर के डाक टिकट संग्राहकों के लिए एक अमूल्य निधि की तरह है। लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र के निदेशक डाक सेवाएं कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अयोध्या शोध संस्थान इसके लिए हार्दिक बधाई का पात्र है कि भगवान श्रीराम से जुड़ी ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व की चीजों को सामने लाकर भारतीय संस्कृति को निरंतर समृद्ध कर रहा है, इससे युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति एवं विरासत से जुड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस विशेष आवरण पर रामायण पर जारी डाक टिकटों को लगाकर और भी महत्वपूर्ण बनाया गया है।
अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाईपी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डाक विभाग के सौजन्य से जारी इस विशेष आवरण के माध्यम से विश्व में अयोध्या और श्रीराम की महिमा का प्रसार होगा और पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव संस्कृति जितेंद्र कुमार, प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी, विधायक सदर वेद प्रकाश गुप्ता, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, प्रवर डाकघर अधीक्षक जेबी दुर्गपाल, उमेश कुमार, सत्येंद्र प्रताप सिंह और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]