स्वतंत्र आवाज़
word map

रक्षामंत्री की रक्षा कूटनीति से संबंधित समीक्षा

रणनीतिक भागीदारी कार्यक्रमाें की प्रगति का जायजा लिया

सुरक्षाबलों की आवश्यकताओं को पूरा करने के निर्देश दिए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 7 June 2019 04:53:33 PM

defense minister rajnath singh

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज अपने मंत्रालय की गतिविधियों की समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्हें मित्रवत विदेशी राष्ट्रों के साथ रक्षा सहयोग गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। राजनाथ सिंह ने अधिकारियों को सुरक्षाबलों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभवस्तर तक स्वदेशी समाधान खोजने का निर्देश दिया है। उन्होंने रणनीतिक भागीदारी कार्यक्रम के तहत हुई प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अन्य विभागों के साथ-साथ भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ भूतपूर्व सैनिक कल्याण से संबंधित मुद्दों की समीक्षा की। रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद यस्सो नाइक, रक्षा सचिव संजय मित्रा और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को त्रिसेवा एजेंसियों मुख्यालय आईडीएस और डिफेंस साइबर एजेंसी, डिफेंस स्पेस एजेंसी और 2019 में सीसीएस के अनुमोदित सशस्त्र सेना विशेष बल डिवीजन सहित सशस्त्र सेना की योजना गतिविधियों से अवगत कराया गया। राजनाथ सिंह को 2018 में स्थापित रक्षा योजना समिति के बारे में भी जानकारी दी गई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने द्विपक्षीय और बहुपक्षीय अभ्यासों, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, एफएफसी को सामग्री सहायता सहित रक्षा कूटनीति से संबंधित नीतिगत मामलों की समीक्षा की। इसके अलावा रक्षामंत्री ने रक्षा अधिग्रहण मुद्दों की समीक्षा की और उन्हें रक्षा खरीद प्रक्रियाओं, बजट उपयोग, बड़ी खरीददारियों और उनमें आने वाली चुनौतियों, खरीद एवं भुगतान की वर्तमान स्थिति तथा अन्य देशों के साथ प्रमुख सौदों के संबंध में भी जानकारी दी गई।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]