स्वतंत्र आवाज़
word map

उत्तरायणी का निशंक ने किया विमोचन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

उत्तरायणी का विमोचन-uttarayani released

नई दिल्ली। चाणक्यपुरी स्थित विश्व युवा केन्द्र में उत्तरायणी संस्था के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने राज्य के विकास के लिये सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ एकजुट होकर प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपने संकीर्ण स्वार्थों से ऊपर उठकर राज्य हित में कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में नकारात्मक सोच को सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि समुचित प्रबंधन एवं समन्वित प्रयासों से उत्तराखण्ड को देश के शीर्षस्थ राज्यों में शुमार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में पिछले 10 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुयी है। राज्य निर्माण के समय वर्ष 2000 में विकास दर 2.9 प्रतिशत थी, जो कि अब बढ़कर 9.4 प्रतिशत हो गयी है। इसी प्रकार प्रति व्यक्ति आय 14000 रुपये से बढ़कर 42000 रुपये वार्षिक हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सुनियोजित आर्थिक प्रबंधन से कर व करेत्तर आय में प्रगति हुई है। राज्य सरकार के आर्थिक प्रबंधन से प्रभावित होकर 13वें वित्त आयोग ने प्रोत्साहन स्वरुप 1000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि विजन 2020 के तहत राज्य सरकार प्रदेश को देश के आदर्श राज्य के रुप में विकसित करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को विकसित किया है। राज्य सरकार, औद्योगिक विकास के लिये तैयार किये गये वातावरण से प्रभावित होकर देश के शीर्षस्थ उद्योगपतियों और औद्योगिक घरानों ने राज्य में निवेश के लिए अपनी रुचि प्रकट की है। हाल ही में एक पत्रिका ने उत्तराखण्ड को निवेश के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ उभरते हुए राज्य के रुप में पुरस्कृत किया है। उत्तराखण्ड सरकार की प्राथमिकताओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, आयुष व पर्यटन के क्षेत्र में विशेष कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शैक्षणिक संस्थाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश से बाहर रहने वाले उत्तराखण्ड के लोगों से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि उत्तरायणी इस दिशा में बेहतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एनपी नवानी, चन्द्र सिंह राही, वीणा पाणी जोशी, जगत सिंह चौधरी ‘जंगली’, माधवानन्द भट्ट एवं विवेकानन्द ढौंडियाल को उत्तरायणी संस्था की ओर से उत्तरायणी रत्न सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष कर्नल डॉ डीपी डिमरी ने की और हरिद्वार के कुम्भ मेले को राज्य सरकार के कुशल प्रबन्धन की एक मिसाल बताते हुए मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को बधाई दी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]