नौसेना प्रमुख ने की नौसेना परिचालन तैयारियों की समीक्षा
समुद्री क्षेत्रों पर सुरक्षा उपायों सहित तेज चौकसी को कहास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 19 March 2019 04:50:49 PM
कोच्चि। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने कोच्चि के नौसेना बेस में वार्षिक थिएटर लेवल रेडिनेस एंड ऑपरेशनल एक्सरसाइज एक्स यानी टोपैक्स की समीक्षा की, जिसमें तीनों नौसेना कमानों के कमांडर-इन-चीफ, वरिष्ठ परिचालन कमांडरों और भारतीय थलसेना, वायुसेना और भारतीय तटरक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। टोपैक्स 2019 समीक्षा का आयोजन ट्रोपैक्स अभ्यास के स्वरूप की जांच और भारतीय नौसेना की परिचालन तैयारी का आकलन करने के लिए किया गया था। एडमिरल सुनील लांबा ने समीक्षा के दौरान भारतीय नौसेना के तैनाती दर्शन और लड़ने की क्षमता का वास्तविक रूपसे आकलन किया। उन्होंने कहा कि ट्रोपैक्स अभ्यास से भारतीय नौसेना को सटीक मुकाबला तैनाती, बल की संगठनात्मक आवश्यकताओं, परिचालन सामग्रियों और प्रशिक्षण अनिवार्यताओं का सटीक आकलन करने में मदद मिलेगी।
नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व और अधिकारियों को ट्रोपैक्स अभ्यास के दौरान उच्चस्तर के पेशेवर रुख और प्रतिबद्धता के प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने नौसेना अधिकारियों से तटों एवं समुद्रों को सुरक्षित रखने के लिए कड़े सुरक्षा उपायों सहित तेज चौकसी बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि नौसेना समुद्री क्षेत्र में राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा, संवर्धन और संरक्षण के लिए सदैव तैयार रहे। गौरतलब है कि ट्रोपैक्स भौगोलिक सीमा के रूप में भारतीय नौसेना का सबसे बड़ा समुद्रीय अभ्यास था, जो फरवरी में अरब सागर और उत्तरी हिंद महासागर में आयोजित किया गया था। इसमें भारतीय नौसेना के 60 जहाजों, भारतीय तटरक्षक के 12 जहाजों और 60 हवाई जहाजों ने भाग लिया था। इसमें तीनों सेनाओं के जल-थल अभ्यास शामिल थे। इसमें सभी तटीय राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों के साथ-साथ सभी समुद्री हितधारकों की भागीदारी रही। इसने राष्ट्रीय उद्देश्यों की मदद के लिए विभिन्न आवश्यक भूमिकाओं को पूरा करने में नौसेना की तैयारी और क्षमता को मान्यता दी है।