स्वतंत्र आवाज़
word map

कुंभ में लोक गायकों ने यूपी सरकार के गीत गाए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 21 February 2013 07:47:23 AM

कुंभ नगर, इलाहाबाद। महाकुंभ में राजकीय प्रदर्शनी कैंपस में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सांस्कृतिक पंडाल में आल्हा गायकी, भोजपुरी लोकगीतों के कार्यक्रमों के साथ ही जादू, कठपुतली, एसपी चौहान, सोनू बनारसी, मुन्ना लाल यादव, मंगलम् भोजपुरी लोक गीत दलों ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
आल्हा गायकी का कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए बिल्लेश्वर यादव और पार्टी ने माणौ की लड़ाई का विधिवत गायन किया, जिसकी दर्शकों एवं श्रोताओं ने प्रशंसा की। मुन्ना लाल यादव एवं मंगलम् लोकगीत दल के माध्यम से भोजपुरी लोकगीतों की सफल प्रस्तुति की गई। लोकगीत गायक मुन्ना लाल यादव एवं मंगलम् लोकगीत दल के कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति करके जनता का भरपूर मनोरंजन कराया।
लखनऊ से आए सांस्कृतिक दलों में स्वरांजलि कला केंद्र के कलाकारों ने लोक धुन पर आधारित गीतों के माध्यम से लोक नृत्य की प्रस्तुति की तथा लखनऊ के ही सांस्कृतिक दल सोनू बनारसी व उनके साथियों ने लोक धुन पर आधारित लोक गीतों की प्रस्तुति दी, लोक नृत्यों का भी प्रदर्शन किया। विनीत कठपुतली दल ने कठपुतलियों के माध्यम से शासन की नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी। सांस्कृतिक पंडाल में अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुति करने वाले कलाकारों ने प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं की जानकारी देने से संबंधित भी कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया। लोक गायकों ने लोकगीतों के माध्यम से प्रदेश सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों की जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी।
राजकीय प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में दर्शकों की अपार भीड़ देखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आए हुए दर्शकों ने सूचना विभाग की प्रदर्शनी में कुंभ दर्शन एवं विकास से संबंधित लगाए गए चित्रों के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। कुंभ क्षेत्र की पर्याप्त जानकारी के लिए दर्शकों को कुंभ दर्शन पत्रिका का भी वितरण किया जा रहा है। प्रदर्शनी में पर्यटन विभाग के प्रदर्शनी स्टाल में प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों के साथ ही जनपद इलाहाबाद के ऐतिहासिक एवं पर्यटक स्थलों का विधिवत प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शनी स्थल पर उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने प्रदर्शनी के माध्यम से उत्तराखंड के चारों धामों का सचित्र प्रदर्शन किया है, साथ ही दर्शकों को कैसेट प्रदर्शन के माध्यम से उत्तराखंड के ऐतिहासिक स्थलों के बारे में पर्याप्त जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी स्थल पर लगाई गई गंगा प्रदर्शनी, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, साक्षरता, गन्ना विभाग, पर्यावरण, सिप्सा, एड्स, ग्राम्य विकास तथा कारागार की प्रदर्शनियां जनता के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]