स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत ने की उपशनि जैसे ग्रह की खोज

भारतीय सौर प्रणाली बाहर के ग्रह खोजने में सफल

इस खोज के साथ भारत गिने-चुने देशों में शामिल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 22 June 2018 03:22:59 PM

discover the super neptune-sized planet

अहमदाबाद। भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला अहमदाबाद के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की एक टीम ने सूर्य जैसे तारे के निकट एक उपशनि जैसे ग्रह या सुपर नेप्च्यून आकार के ग्रह की खोज की है। यह पृथ्वी के द्रव्यमान का 27 गुना तथा पृथ्वी की त्रिज्या का 6 गुना है। इस ग्रह को ईपीआईसी 211945201बी या के2-236बी का नाम दिया गया है। भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला अहमदाबाद के प्रोफेसर अभिजीत चक्रवर्ती के नेतृत्व में यह खोज हुई है। इसका शोध आलेख अमेरिकी एस्ट्रोनोमिकल सोसाइटी की ऑनलाइन पत्रिका में प्रकाशित हुआ है और इसे आईओपी पब्लिशिंग ने प्रकाशित किया है।
ईपीआईसी 211945201बी या के2-236बी ग्रह की खोज ग्रह के द्रव्यमान को मापने के आधार पर की गई है। मापन कार्य स्वदेशी तकनीक से निर्मित पीआरएल एडवांस रेडिएल-वेलोसिटी अबू-स्काई सर्च स्पेक्ट्रोग्राफ के द्वारा किया गया है। यह स्पेक्ट्रोग्राफ भारत के माउंट आबू में गुरूशिखर वेधशाला के 1.2एम टेलीस्कोप से एकीकृत है। अबतक केवल 23 ऐसी ग्रह प्रणालियों की खोज हुई है, जिनका द्रव्यमान पृथ्वी के द्रव्यमान का 10 से 70 गुना अधिक है और जिनकी त्रिज्या पृथ्वी की त्रिज्या से 4 से 8 गुना अधिक है।
भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला अहमदाबाद के प्रोफेसर अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि यह खोज उपशनि जैसे ग्रहों या सुपर नेप्च्यून जैसे ग्रहों की निर्माण प्रक्रिया को समझने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इस खोज के साथ भारत उन गिने-चुने देशों में शामिल हो गया है, जो हमारी सौर प्रणाली से बाहर के ग्रहों की खोज करने में सफल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पारस पूरे एशिया में अपने किस्म का इकलौता स्पेक्ट्रोग्राफ है, जो सूर्य के चारों ओर घूम रहे ग्रह के द्रव्यमान को माप सकता है। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व में ऐसे कुछ ही स्पेक्ट्रोग्राफ हैं, जो द्रव्यमान मापने का कार्य इतनी सटीकता के साथ कर सकते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]