स्वतंत्र आवाज़
word map

एनडीए से पहला महिला कैडेट्स बैच पास आउट

राज्यपाल डॉ वीके सिंह ने भव्य परेड में कैडेट्स को किया सम्मानित

सेना में महिला भागीदारी राष्ट्र निर्माण में परिवर्तनकारी उपलब्धि!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 30 May 2025 06:59:13 PM

first batch of women cadets passes out from nda

पुणे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) से आज 17 महिला कैडेटों का पहला बैच पास आउट हुआ। ये कैडेट्स 148वें कोर्स स्प्रिंग टर्म-2025 के समापन का प्रतीक हैं। महाराष्ट्र के खड़कवासला में प्रतिष्ठित खेत्रपाल परेड ग्राउंड में भव्य पासिंग आउट परेड में पासिंग आउट कोर्स से 336 सहित 1341 कैडेटों ने भाग लिया। परेड में पास आउट कैडेटों ने कठोर सैन्य, शैक्षणिक प्रशिक्षण, सटीकता, अनुशासन और सैन्य व्यवहार के शानदार प्रदर्शन को दर्शाया। परेड का संचालन एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण कुमार तिवारी ने अपने 'रिलायंट रॉबिन' पर सवार होकर किया। 'जी' स्क्वाड्रन के अकादमी कैडेट कैप्टन उदयवीर सिंह नेगी ने असाधारण संयम और सैन्य सटीकता केसाथ परेड का नेतृत्व किया।
मिजोरम के राज्यपाल जनरल डॉ वीके सिंह भव्य पासिंग आउट परेड के समीक्षा अधिकारी थे। उन्होंने कोर्स में अनुकरणीय प्रदर्शन केलिए बटालियन कैडेट एडजुटेंट प्रिंस राज को राष्ट्रपति का स्वर्ण पदक, अकादमी कैडेट कैप्टन उदयवीर सिंह नेगी को राष्ट्रपति का रजत पदक और बटालियन कैडेट कैप्टन तेजस भट्ट को राष्ट्रपति का कांस्य पदक प्रदान किया। समग्र उत्कृष्टता केलिए गोल्फ स्क्वाड्रन को प्रतिष्ठित चीफ ऑफ स्टाफ बैनर से सम्मानित किया गया। भव्य फ्लाईपास्ट केसाथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें ध्वजधारी चेतक हेलीकॉप्टर, सुपर डिमोना मोटराइज्ड ग्लाइडर और शानदार सुखोई-30 लड़ाकू विमान ने उड़ान भरी, जो प्रशिक्षण की समाप्ति और कैडेटों की सैन्य यात्रा के अगले चरण केलिए तत्परता का प्रतीक था।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी का 148वां कोर्स स्प्रिंग टर्म-2025 पीओपी भविष्य की सैन्य हस्तियों को तैयार करने केलिए अकादमी की स्थायी प्रतिबद्धता का एक गौरवपूर्ण प्रमाण है, जो अब सम्मान और वीरता केसाथ राष्ट्र की सेवा करने केलिए नियत महिला कैडेटों को शामिल करने से औरभी ज्यादा समृद्ध हो गया है। एनडीए की पासिंग आउट परेड का ऐतिहासिक महत्व है, क्योंकि एनडीए से पास आउट 17 महिला कैडेटों के पहले बैच को राष्ट्र निर्माण में एक परिवर्तनकारी उपलब्धि के रूपमें देखा जा रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]