स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 26 May 2025 03:09:52 PM
डिब्रूगढ़। केंद्रीय पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूपमें उभरने पर भारतवासियों को बधाई दी है और इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल गतिशील और मजबूत नेतृत्व को दिया है। सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ के सांसद हैं, उन्होंने पिछले दशक से हो रहे भारत राष्ट्र के नवनिर्माण और उत्थान के इस ऐतिहासिक परिवर्तन की सराहना करते हुए देश के नागरिकों से राष्ट्रनिर्माण केलिए प्रतिबद्ध होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में कड़ी मेहनत से और ज्यादा काम करने का आह्वान किया है। सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़ पश्चिम मंडल के बूथ नंबर 112 पर आयोजित प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुनने केलिए आयोजित कार्यक्रम और 'तिरंगा यात्रा' में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
सर्बानंद सोनोवाल ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम ने देशभर से परिवर्तनकारी विचारों और साहस की कहानियों के माध्यम से देश को लगातार प्रेरित किया है। उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री का संबोधन सुनकर देश एकबार फिर प्रेरित हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री ने देशके नागरिकों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण केलिए खुद को समर्पित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहाकि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और हमें विकास और समृद्धि की इस यात्रा को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने केलिए खुदको प्रतिबद्ध करना चाहिए और विकसित भारत के सपने को साकार करना चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने केलिए तिरंगा यात्रा में शामिल होकर सर्बानंद सोनोवाल ने भारत के सशस्त्रबलों की सराहना की और मिशन की सफलता केलिए उनके निडर समर्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व को श्रेय दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान उन्होंने रिक्शा चालकों और मजदूरों से भी बातचीत की और समाज केप्रति उनकी सेवा केलिए उन्हें धन्यवाद दिया।
सर्बानंद सोनोवाल ने कहाकि श्रमिक हमारे महान राष्ट्र की प्रमुख प्रेरक शक्तियों में से एक हैं, इन मेहनती व्यक्तियों से मिलना मेरे लिए हमेशा खुशी और प्रेरणा का स्रोत होता है, उनके साथ बातचीत करने के बाद, मुझे देश केप्रति प्रोत्साहन और आभार महसूस हुआ, जहां हर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और प्रेरक नेतृत्व में बेहतर कल के निर्माण की दिशामें काम कर रहा है। सर्बानंद सोनोवाल ने इसके बाद सदिया के कोइलाबारी में मटक सम्राट स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव की पूर्ण आकार की प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह में समुदाय के सदस्य, और सांस्कृतिक क्षेत्र की हस्तियां शामिल हुईं। इस अवसर पर सर्बानंद सोनोवाल ने मटक राजा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके ऐतिहासिक महत्व तथा दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव का जीवन और विरासत सार्वजनिक सेवा, न्याय और अपने लोगों के कल्याण केप्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है, अपनी मातृभूमि केप्रति उनका अटूट समर्पण हमारी राष्ट्रीय भावना को प्रेरित करता रहता है।
सर्बानंद सोनोवाल ने सदिया के कोइलाबारी में स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव की पूर्ण आकार की प्रतिमा का अनावरण करते हुए सभी, विशेष रूपसे युवा पीढ़ी से उनके आदर्शों से शक्ति प्राप्त करने और राष्ट्र निर्माण केलिए ईमानदारी और जिम्मेदारी केसाथ खुदको समर्पित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहाकि स्वर्गदेव सर्बानंद सिंह देव का उदाहरण हमें एक अधिक न्यायपूर्ण, एकजुट और समृद्ध भारत की ओर हमारी सामूहिक यात्रा में मार्गदर्शन करे। कार्यक्रम में असम सरकार के मंत्री रनोज पेगु और प्रशांत फुकन, चबुआ के विधायक पोनाकन बरुआ, लाहोवाल के विधायक बिनोद हाजरिका, असम पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रितुपर्ण बरुआ, असम राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हेमप्रभा बरठाकुर, सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य टंकेश्वर सोनोवाल, डिब्रूगढ़ जिला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष मामून गोगोई मित्रा, मटक स्वायत्त परिषद के सीईएम डेविड सेतिया और मटक सामुदायिक संगठनों के नेता और सदस्य, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।