स्वतंत्र आवाज़
word map

आईपीएस आशीष गुप्ता स्वैच्छिक सेवानिवृत्त हुए

निष्ठावान, ऊर्जावान और सुयोग्य अधिकारी के रूपमें प्रशंसा हुई

पुलिस मुख्यालय पर आशीष गुप्ता को डीजीपी ने दी विदाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 11 June 2025 05:13:40 PM

ips ashish gupta took voluntary retirement

लखनऊ। पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम में स्वैच्छिक रूपसे सेवानिवृत्त हुए आईपीएस अधिकारी आशीष गुप्ता पुलिस महानिदेशक नियम एवं ग्रंथ को स्मृतिचिन्ह भेंटकर विदाई दी। डीजीपी ने उनके विभिन्न पदों पर सेवाकाल के उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। विदाई कार्यक्रम को सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक/ चेयरमैन यूपीएसएसएससी एसएन साबत, पुलिस महानिदेशक रेणुका मिश्रा, पुलिस महानिदेशक होमगार्ड बीके मौर्य, पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण तिलोत्तमा वर्मा, अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं नवीन अरोड़ा ने भी संबोधित कर आशीष गुप्ता केसाथ प्रशिक्षण में बिताए पल एवं सेवाकाल के संस्मरणों को साझा किया। आशीष गुप्ता ने पुलिस परिवार, अपने बैचमेट, कनिष्ठों एवं परिजनों का आभार व्यक्त किया। आशीष गुप्ता अपने सेवाकाल में उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।
लखनऊ में 25 दिसंबर 1966 को जन्में आशीष गुप्ता वर्ष 1989 में भारतीय पुलिस सेवा में आए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक जनपद ललितपुर, पौड़ी गढ़वाल, बलिया, उन्नाव, गोण्डा, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना देहरादून, भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ, अभिसूचना मुख्यालय लखनऊ, सेनानायक 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ, 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ लखनऊ एवं अपर पुलिस महानिदेशक/ पुलिस महानिरीक्षक रेलवे के पद पर सेवाएं दीं। वे 18 वर्ष से अधिक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर यूएन मिशन कोसोवो, सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद, निदेशक प्रधानमंत्री कार्यालय, नैटग्रिड में संयुक्त सचिव एवं सीईओ रहे। आशीष गुप्ता ने अपर महानिदेशक सीमा सुरक्षा बल रहकर नक्सल विरोधी अभियानों का संचालन किया। वर्ष 2022 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से अपने मूल संवर्ग में वापस आए और पुलिस महानिदेशक नियम एवं ग्रंथ हुए, जहांसे उन्होंने आज स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त की है।
आशीष गुप्ता भारतीय पुलिस सेवा में निष्ठावान, ऊर्जावान एवं सौम्य स्वभाव के सुयोग्य अधिकारी रहे हैं। उनका 34 वर्ष से अधिक का सेवाकाल अत्यंत सराहनीय रहा है। आशीष गुप्ता को गणतंत्र दिवस 2006 पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं केलिए पुलिस पदक एवं गणतंत्र दिवस 2014 पर विशिष्ट सेवाओं केलिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उनके विदाई कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक पॉवर कॉरपोरेशन, पुलिस महानिदेशक फायर, पुलिस महानिदेशक अभियोजन, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक पीएचक्यू, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम, अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे, अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक, अपर पुलिस महानिदेशक/ पुलिस महानिदेशक के जीएसओ, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]