स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत में भीषण तूफान व वर्षा का ज़ोर

पूर्व और पूर्वोत्तर में भीषण तूफान की आशंका

समुद्री इलाकों को सतर्क रहने की सलाह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 1 May 2018 12:14:34 PM

india, weather

नई दिल्ली। पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय का कहना है कि भारत के पूर्व और पूर्वोत्तर में अगले 3-4 दिन तक भीषण तूफान आने की आशंका है, समुद्र से जुड़े इलाकों के लिए सलाह दी गई है कि वहां के रहवासी समुद्र में न जाएं और एहतियात बरतें। पृथ्‍वी विज्ञान मंत्रालय के मौसम विज्ञानियों ने अपने अध्ययन में पाया है कि देश के पूर्वी बिहार और निकटवर्ती पश्चिम बंगाल तथा झारखंड के ऊपर और मेघालय एवं मणिपुर तक चक्रवाती परिसंचरण और निम्न स्तर पर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसे देखते हुए अगले 3-4 दिन तक भीषण तूफान आने की आशंका है। इस बार समय से पहले वर्षा आने की संभावना है और यह भी आशा है कि इस बार अच्छी बारिश हो सकती है। समुद्री इलाकों में खास निगरानी की आवश्यकता है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार निम्न स्तर पर एक पूर्व-पश्चिम कम दबाव का क्षेत्र पंजाब से लेकर हरियाणा व पश्चिमी मध्य प्रदेश होते हुए पश्चिमी-पूर्वी मध्य प्रदेश तक बढ़ रहा है। यह दबाव उप ऊष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट 23 और 27 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर भारतीय क्षेत्र के ऊपर है। अनुमान है कि इन प्रणालियों के प्रभाव से पूर्व तथा पूर्वोत्तर भारत में अगले 3-4 दिन तक कुछ स्थानों पर वर्षा और तूफान की संभावना है। तूफान तथा भारी वर्षा की चेतावनी जारी कर दी गई है। पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ स्थानों पर गरज़ के साथ ओले और तूफान का सामना करना पड़ सकता है। इसी प्रकार बिहार के कुछ स्थानों में गरज़ के साथ तूफान की संभावना के चलते असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा और झारखंड के कुछ स्थानों पर तेज़ हवाओं के साथ तूफान आ सकता है। असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मिजोरम, त्रिपुरा और झारखंड के कुछ स्थानों पर आज गरज एवं ओले के साथ तूफान आ सकता है। बिहार तथा ओडिशा के कुछ स्थानों पर गरज़ के साथ तूफान तथा असम व मेघालय, नगालैंड, मणिपुर के कुछ स्थानों पर तेज़ हवाओं के साथ तूफान की संभावना बलवती है। इसी प्रकार असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होती लग रही है। कल दो मई को गंगा की तराई वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा के गरज के साथ तूफान तथा असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालय, पश्चिम बंगाल, झारखंड में तेज़ हवाओं के साथ तूफान आ सकता है, वहीं असम और मेघालय तथा ओडिशा के कुछ स्थानों में भारी वर्षा हो सकती है। गंगा की तराई वाले पश्चिम बंगाल व ओडिशा के कुछ स्थानों में तीन मई को गरज़ के साथ तूफान आता दिख रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]