रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से विश्व कप महिला स्टार क्रिकेटरों की भेंट
'प्रतीका, रेणुका और स्नेहा भारतीय रेलवे की गौरवांवित कर्मचारी'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 14 November 2025 02:40:39 PM
नई दिल्ली। आईसीसी महिला विश्व कप-2025 में भारत के विजयी अभियान की तीन प्रमुख खिलाड़ियों बल्लेबाज प्रतीका रावल, गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और ऑलराउंडर स्नेहा राणा ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर कहाकि इन खिलाड़ियों ने देश को गौरवांवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, खेल के हर पहलू का प्रतिनिधित्व करने वाली ये तीनों खिलाड़ी भारतीय रेलवे की गौरवांवित कर्मचारी हैं। उन्होंने ऐतिहासिक विश्व कप जीतने में उनके उत्कृष्ट योगदान केलिए उन्हें बधाई दी। रेलमंत्री ने कहाकि उन्हें विश्व कप विजेता चैंपियन से मिलकर बहुत खुशी हुई है।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से महिला स्टार क्रिकेटरों ने अपने पिछले वर्षों के सफर और मैदान पर बिताए अनुभवों की प्रेरक कहानियां साझा कीं। दिल्ली की सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे अप्रैल 2023 में भारतीय रेलवे में शामिल हुई थीं और हालही में उन्हें वरिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत किया गया है। विश्व कप के शुरुआती दौर में चोट लगने के बावजूद वह पूरे टूर्नामेंट में अपनी साथियों केलिए प्रेरणा और समर्थन का स्रोत बनी रहीं। अपनी संयमित बल्लेबाजी और सटीक पारी बनाने की क्षमता केलिए जानीजाने वाली प्रतीका रावल ने इसे खेल की गहरी समझ केसाथ जोड़ा है। पिछले साल के अंतमें एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने केबाद से वह इस प्रारूप में भारत की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों में से एक रही हैं। हिमाचल प्रदेश की दाएं हाथ की मध्यम तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर उत्तर रेलवे के अंबाला डिवीजन का प्रतिनिधित्व करती हैं। रेणुका दिसंबर 2020 में भारतीय रेलवे में शामिल हुईं और तबसे लगातार मैच विजेता रही हैं। उन्होंने भारत की कई जीत में अहम भूमिका निभाई है।
क्रिकेट विश्व कप में उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर भारत के सफल अभियान में अहम भूमिका निभाई। टीम की ऐतिहासिक जीत केबाद रेणुका सिंह ठाकुर का उनके गांववालों और स्थानीय अधिकारियों ने एक समारोह में गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसमें भारत की पहली महिला विश्व कप जीतने में उनके योगदान का जश्न मनाया गया। उत्तराखंड की ऑलराउंडर स्नेहा राणा उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल का प्रतिनिधित्व करती हैं। वे 2018 से भारतीय रेलवे से जुड़ी हुई हैं। अपनी दाएं हाथ की ऑफ स्पिन और भरोसेमंद मध्यक्रम की बल्लेबाजी केलिए जानीजाने वाली स्नेहा राणा ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में भारत केलिए अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने विश्व कप अभियान का समापन छह मैचों में सात विकेट लेकर किया, जिसमें 2/32 का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी शामिल है। उन्होंने बल्ले से भी बहुमूल्य योगदान दिया और 49.50 की प्रभावशाली औसत से 99 रन बनाए।
भारतीय रेलवे लंबे समय से भारत की खेल प्रतिभाओं को निखारने में एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है। इसके खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में देश का नाम रोशन करते रहे हैं। रेलवे के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों केलिए अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और मेजर ध्यानचंद खेलरत्न सहित कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान अर्जित किए हैं। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के माध्यम से भारतीय रेल विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं, रोज़गार सुरक्षा और संस्थागत सहायता प्रदान करता है। यह साधारण परिवारों की प्रतिभाओं की पहचान करता है और उन्हें निखारता है तथा योग्य प्रतिभागियों को खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। स्थायी रोज़गार, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन और निरंतर प्रोत्साहन केसाथ रेलवे एथलीटों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तरपर उत्कृष्टता प्राप्त करने केलिए निरंतर सशक्त बना रहा है।