स्वतंत्र आवाज़
word map

'निशानेबाजी में टोक्यो ओलम्पिक्स में बड़ी उम्मीदें'

विश्वकप से लौटे निशानेबाज़ खेल राज्यमंत्री किरेन रिजिजू से मिले

रियो डी जनेरियो के विश्वकप में निशानेबाज़ों का शानदार प्रदर्शन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 September 2019 06:12:13 PM

shooter returned from world cup meets sports minister kiren rijiju

नई दिल्ली। भारत सरकार के युवा मामलों और खेल मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने नई दिल्ली में भारतीय निशानेबाजी टीम के सदस्यों से मुलाकात की, जो हाल ही में रियो डी जनेरियो में आईएसएसएफ राइफल और पिस्टल विश्वकप में हिस्सा लेकर लौटे हैं। राज्यमंत्री किरेन रिजिजू ने निशानेबाजों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस प्रतियोगिता में भारत ने पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल करके पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर उपस्थित निशानेबाजों में अपूर्वी चंदेला, अंजुम मुद्गल, इलावेनिल वलारिवन, मनु भाकर, यशस्विनी देसवाल, संजीव राजपूत, अभिषेक वर्मा, दीपक कुमार और भारतीय राष्ट्रीय राइफल्स संघ के अध्यक्ष रनिंदर सिंह, कोच जसपाल राणा, पावेल स्मिरनोव एवं ओलेग मिखाइलोव भी उपस्थित थे।
निशानेबाजी में भारत का यह शानदार वर्ष रहा है। वर्ष 2019 में सभी आईएसएसएफ सीनियर विश्वकप में भारत ने 16 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते हैं। इन 22 पदकों में से 12 पदक व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मिले हैं और 10 मिश्रित टीम स्पर्धाओं में मिले हैं। यह प्रतिस्पर्धाएं 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल की हैं। भारत ने अब तक टोक्यो 2020 ओलंपिक के लिए निशानेबाजी में नौ कोटा जीते हैं, जिसमें पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में संजीव राजपूत और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में यशस्विनी देसवाल के साथ रियो विश्वकप में कोटा अर्जित किया है। भारतीय निशानेबाजी टीम की प्रशंसा करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि निशानेबाजी में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन किया है और हम एक मजबूत टीम टोक्यो ओलम्पिक्स में भेजेंगे, इस खेल से भारत को बहुत उम्मीदें हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]