स्वतंत्र आवाज़
word map

बीजू पटनायक बहुआयामी व्यक्तित्व-कोविद

'ओडिशा का सर्वांगीण विकास भारत के लिए आवश्यक'

बीजू पटनायक की याद में संग्रहालय एवं अध्ययन केंद्र

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 18 March 2018 04:15:16 PM

inauguration of anand bhawan museum and study center in cuttack

कटक। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने कटक में ओडिशा के राज्यपाल डॉ एससी ज़मीर, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ओडिशावासियों को आनंद भवन संग्रहालय एवं अध्ययन केंद्र समर्पित किया, जो मुख्यमंत्री रहे बीजू पटनायक की याद में बनाया गया है। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि बीजू पटनायक का लोगों के दिलों में एक विशिष्ट स्थान है, उन्हें सभी धर्मों और राजनीतिक पार्टियों के लोगों का स्नेह और सम्मान प्राप्त है और उनकी विरासत पार्टी संबद्धता से कहीं आगे है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने आनंद भवन परिसर को राज्य सरकार को सौंपने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और उनके परिवार की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संग्रहालय में आने वाले आगंतुक बीजू पटनायक के बहुआयामी व्यक्तित्व के बारे में अधिक से अधिक जानने में सक्षम होंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा का सर्वांगीण विकास भारत के समावेशी विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओडिशा वन और प्राकृतिक संसाधनों में समृद्ध है, यहां पर्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं, जिससे रोज़गार बढ़ सकता है और आर्थिक विकास को मजबूती मिल सकती है।
रामनाथ कोविद राष्ट्रीय कानून विश्वविद्यालय ओडिशा के तीसरे संस्थापना दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुए और जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कानूनी पेशे के आधुनिकीकरण ने विधि स्नातकों एवं युवा अधिवक्ताओं के लिए अवसरों में बढ़ोतरी के साथ तालमेल बनाए रखा है। राष्ट्रपति ने कहा कि जैसे-जैसे हमारी अर्थव्यवस्था बढ़ी है, कानूनी पेशा विस्तारित हुआ है और वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक कानून अधिक महत्वपूर्ण, जटिल और बौद्धिक रूपसे प्रेरक बन गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने कटक की अपनी यात्रा की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मस्थान पर श्रद्धांजलि अर्पित करके की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]