स्वतंत्र आवाज़
word map

एंटी रोमियो स्कवाड को उच्च पेशेवर प्रशिक्षण

वूमेन पॉवर लाइन 1090 पर हुई कार्यशाला और प्रशिक्षण

विशेषज्ञों ने शेयर किए पेशेवर जागरुकताओं के ‌टिप्स

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 22 August 2017 11:38:09 PM

workshop and training held at women power line 1090

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी रोमियो स्कवाड के अच्छे और सकारात्मक परिणाम आने से इसको और ज्यादा उच्च प्रशिक्षित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के 18 परिक्षेत्रों और 75 जनपदों के पुलिस के एंटी रोमियो स्कवाड के नोडल पुलिस अधिकारियों एवं महिला थाना प्रभारियों के एंटी रोमियो स्कवाड का गहन प्रशिक्षण और कार्यशाला लखनऊ में वूमेन पॉवर लाइन 1090 हुई। प्रशिक्षण और कार्यशाला कार्यक्रम 18 अगस्त को शुरू हुआ था, जो 22 को भी हुआ। इसमे एंटी रोमियो स्कवाड को और ज्यादा प्रभावशाली बनाने एवं पारदर्शिता स्थापित करने तथा पुलिसकर्मियों को संयमित रहकर कार्य करने के निमित्त अनेक पेशेवर जागरुकताओं के साथ उच्च व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। एंटी रोमियो स्कवाड के स्‍थलीय एक्‍शन को और ज्यादा प्रभावकारी बनाने की रणनीतियां बताई और सिखाई गईं। कार्यशाला एवं प्रशिक्षण में 22 अगस्त को 25 जनपदों के 2 अपर पुलिस अधीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक, 11 निरीक्षकों एवं 9 उप निरीक्षकों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण एवं कार्यशाला के प्रारंभ में अपर पुलिस अधीक्षक वूमेन पॉवर लाइन अजय मिश्र ने एंटी रोमियो स्कवाड की उपयोगिता एवं इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत प्रकाश डाला। प्रशिक्षणार्थियों को जॉइंट डायरेक्टर प्रॉसिक्यूशन एसके भट्ट ने महिला संबंधी अपराध के संबंध में क्या-क्या कार्यवाही करनी है, के बारे में अवगत कराया गया और साथ ही साथ विधिक प्रावधानों की भी जानकारी प्रदान की। मनोवैज्ञानिक नेहा आनंद ने जेंडर सेंसटाइजेशन के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की और आज के परिवेश में बढ़ते तनाव एवं अन्य कारकों पर प्रकाश डालते हुए उनसे रोकथाम के उपाय बताए। डॉ संगीता शर्मा ने इंटरपर्सनल रिलेशनशिप एवं कम्युनिकेशन पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिया। कार्यशाला में प्रश्नोत्तरी, फीडबैक एवं विभिन्न प्रकार की क्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि लड़कियों से छेड़छाड़ और सार्वजनिक स्‍थलों पर असामाजिक और ग़ुंडातत्वों की अशोभनीय हरकतों से निपटने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार में एंटी रोमियो स्कवाड का गठन किया गया था। भाजपा के चुनावी एजेंडे में भी इस एंटी रोमियो स्कवाड के गठन का वादा किया गया था। उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनते ही एंटी रोमियो स्कवाड अस्तित्व में आ गया और उसने असामाजिक और ग़ुंडातत्वों पर जबरदस्त एवं कारगर एक्‍शन लिया। एंटी रोमियो स्कवाड की सफलता से इसे और भी कारगर बनाने के लिए प्रयासों के तहत पुलिस महानिदेशक के पर्यवेक्षण में स्कवाड के प्रशिक्षण और कार्यशाला जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। कार्यशाला के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ अमिताभ यश,वूमेन पॉवर लाइन उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक नवनीत सिकेरा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर व्याख्यान दिया और प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]