स्वतंत्र आवाज़
word map

फीफा के नए अध्यक्ष को बड़ा समर्थन

फीफा का अब नया युग शुरू-गियानी इनफैंटिनो

यूरोप, एशिया और अफ्रीकी देशों की बधाईयां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 1 March 2016 11:20:56 AM

fifa's new president

ज्यूरिख। स्विट्जरलैंड के गियानी इनफैंटिनो फीफा के धमकदार अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने कई दिग्गजों को पछाड़ा। बहरीन के शेख सलमान पर निर्णायक जीत दर्ज की। जॉर्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन को कुल चार वोट मिले और फ्रांस के जेरोम शैम्पेन को तो एक भी वोट नहीं मिला। बहरहाल यूरोपीय गवर्निंग निकाय यूएफा के 45 वर्षीय महासचिव गियानी इनफैंटिनो स्विस आल्प्स में वलाइस क्षेत्र से फीफा के दूसरे अध्यक्ष हैं। ब्रिज के इनफैंटिनो ने समीपवर्ती विस्प में जन्मे 79 वर्षीय ब्लाटर की जगह ली है। पेरिस में तो गियानी इनफेंटिनो की सराहना ऐसे व्यक्ति के रूप में की गई है जो न तो राजनेता हैं और न ही कोई सुपर स्टार, लेकिन सुधारवादी मानसिकता वाले प्रशासक हैं जो भ्रष्टाचार के मामलों में घिरी फुटबाल की वैश्विक संस्था को नए युग में ले जा सकते हैं। कई भाषा बोलने वाले स्विस-इतालवी वकील गियानी इनफेंटिनो को जब फीफा का नया अध्यक्ष चुना गया तो कहा गया कि चलो सेप ब्लाटर के विवादास्पद और उतार चढ़ाव से भरे 18 साल के कार्यकाल का समापन हुआ।
इंग्लैंड फुटबाल संघ के अध्यक्ष ग्रेग डाइक ने कहा है कि गियानी इनफेंटिनो राजनेता नहीं हैं, सुपर स्टार नहीं हैं वे सिर्फ मजबूत संगठित व्यक्ति हैं, उन्होंने यूएफा का संचालन काफी अच्छी तरह किया है तो फीफा अध्यक्ष के रूप में भी वे शानदार ही होंगे। गियानी इनफेंटिनो सात साल तक यूएफा महासचिव रहे। उन्हें माइकल प्लातिनी का बेहद करीबी माना जाता था। अध्यक्ष पद की दौड़ में गियानी इनफेंटिनो के खिलाफ शिकस्त झेलने वाले जोर्डन के प्रिंस अली बिन अल हुसैन ने कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि फीफा प्रगति करेगा। उन्होंने कहा कि अब हम देखेंगे कि फीफा कौन सा रास्ता अपनाता है, उम्मीद है कि फुटबाल के लिए जिन सुधारवादी कदमों को स्वीकृति दी गई है वे अस्थायी नहीं होंगे और फीफा व फुटबाल का भविष्य बेहतर होगा। विश्व कप 2018 के मेजबान देश रूस के खेल मंत्री विताली मुत्को ने भी कहा कि गियानी इनफेंटिनो इस काम के लिए सही व्यक्ति हैं। विताली मुत्को ने कहा कि मैं संतुष्ट हूं, हमने शुरुआत से ही उनका समर्थन किया था, उन्होंने जो भी योजना बनाई है वह सफल रहेगी। फीफा की स्वतंत्र सुधार समिति के प्रमुख फ्रेंकोइस कैरार्ड ने कहा कि इनफेंटिनो सर्वश्रेष्ठ संभव व्यक्ति हैं।
फीफा के अध्यक्ष गियानी इनफेंटिनो ने चुनाव जीतने के बाद वादा किया है कि वे विवादों से जूझ रही फुटबाल की वैश्विक संस्था को नए युग में ले जाएंगे, हालांकि गियानी इनफेंटिनो पर जल्द से जल्द सुधारवादी कदम उठाने का दबाव होगा। गियानी इनफेंटिनो ने एशिया के अपने प्रतिद्वंद्वी शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा को 207 सदस्यों के बीच हराया है। गियानी इनफेंटिनो ने कहा कि फीफा दुखद समय और संकट के लम्हों से गुजरा है, लेकिन वह समय अब खत्म हो गया है। फीफा में भ्रष्टाचार की संस्कृति के लिए जिम्मेदार ठहराए गए ब्लाटर ने गियानी इनफेंटिनो को उनकी जीत की बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि अपने अनुभव, अपनी क्षमता, अपनी रणनीतिक समझ और कूटनीति के कारण उनमें वह सारी क्षमताएं हैं कि वे मेरे काम को आगे बढ़ाएंगे। इस चुनाव में दक्षिण अफ्रीका के व्यवसायी तोक्यो सेहवाले भी उतरे थे, लेकिन उन्होंने चुनाव शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था। गियानी इनफेंटिनो का कहना है कि उन्हें विश्व फुटबाल को एकजुट करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
ज्ञातव्य है कि चुनाव के दौरान गियानी इनफेंटिनो के गढ़ यूरोप, एशिया और अफ्रीका के मतदाताओं के बीच जबरदस्त विभाजन हो गया था। उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी रहे शेख सलमान ने भी कहा है कि वे साथ मिलकार काम करने को उत्सुक हैं। गियानी इनफेंटिनो के निर्वाचन की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और महासंघ के प्रमुखों ने भी सराहना की है। विश्व कप 2018 के मेजबान देश रूस के राष्ट्रपति ने कहा है कि गियानी इनफेंटिनो बड़े अधिकारों के साथ पद ग्रहण करेंगे। भारत में अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने फीफा के नए अध्यक्ष गियानी इनफेंटिनो को उनकी जीत के लिए बधाई देते हुए उनके साथ अच्छे खेल संबंधों की उम्मीद की है। उन्होंने कहा कि भारत उनके साथ फुटबाल खेल के विकास के लिए काम करना चाहता है। फीफा के चुनाव के लिए हुई फीफा की कांग्रेस में प्रफुल्ल पटेल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]