स्वतंत्र आवाज़
word map

टीबी रोग के खिलाफ एक्‍शन प्लान बनाएं

राज्यपाल की क्षय निवारक संस्था के साथ बैठक

स्कूलों में भी टीबी रोग के प्रति जागरूक करें

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 17 December 2015 01:58:46 AM

governor ram naik

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने उत्तर प्रदेश क्षय निवारक संस्था की वार्षिक सामान्य सभा की अध्यक्षता करते हुए संस्‍था से कहा है कि संस्था की संचालित योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियांवित करने के लिए एक्शन प्लान बनाने हेतु एक समिति का गठन किया जाए, जिसकी प्रथम बैठक 31 दिसंबर से पहले आयोजित हो। संस्था अन्य प्रदेशों में चल रही क्षय निवारक संस्थाओं की जानकारी लेकर तुलनात्मक दृष्टि से विश्लेषण करे कि उत्तर प्रदेश क्षय निवारक संस्था की उपादेयता कैसे बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि संस्था के आर्थिक स्रोत बढ़ाने तथा वित्तीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी विचार किया जाना जरूरी है। बैठक में संस्था के अध्यक्ष आरसी त्रिपाठी सहित प्रदेश के सदस्य भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी के लिहाज से बड़ा प्रदेश है, इस परिप्रेक्ष्य में जनसहभागिता और व्यापक प्रचार-प्रसार से संस्था को और अधिक सक्रिय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संस्था के सदस्य अपने सुझावों से समिति को अवगत करा सकते हैं। क्षय निवारण जनहित से जुड़ा मामला है। उन्होंने कहा कि सदस्य पूरी रूचि से कार्य करके संस्था को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर तक समितियों से समन्वय स्थापित करके क्षय निवारण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाए। राम नाईक ने कहा कि टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु एक्शन प्लान बनाकर जनभागीदारी बढ़ाएं। एक्शन प्लान समिति के संयोजक के लिए डॉ राजेंद्र प्रसाद को नामित किया गया है।
राज्यपाल ने कहा कि टीबी रोग का पूर्णतया इलाज किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी के रोगियों को चिन्हित करके सरकारी योजना की जानकारी दी जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग लाभांवित हो सकें, इस संबंध में रोगियों एवं परिजनों की भी जानकारी बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों एवं कालेजों में टीबी की रोकथाम के लिए बच्चों को जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक टीबी के रोगियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इलाज की पूरी जानकारी दें। बैठक में वार्षिक रिपोर्ट अनुमोदित की गई तथा प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा हुई।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]